लालकुआ ब्रेकिंग न्यूज़ – पुलिस का ब्लैकमेलिंग से विवाहिता की आत्महत्या मामले का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपियों की भूमिका , जांच के दायरे में

Spread the love

ब्लैकमेलिंग से विवाहिता की आत्महत्या मामले का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप, मोबाइल बरामद; दो आरोपियों की भूमिका की जांच

लालकुआं। ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू में विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले का लालकुआं पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और भेजने में किया गया था। मामले में नामजद दो अन्य आरोपियों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को गंगापुर कबडाल निवासी एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के संबंध में मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद, निवासी मुक्तेश्वर, ने थाना लालकुआं में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के माध्यम से संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था। आरोप है कि आशिक अली ने मृतका को अपने जाल में फंसाकर आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हुई और उसने आत्महत्या कर ली।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि साहिब अली एवं देवेश गंगवार द्वारा मृतका के पति विजय पलड़िया को मामले में कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालकुआं में मुकदमा संख्या 146/2026 के तहत धारा 108/351(2) भारतीय न्याय संहिता-2023 में अभियोग दर्ज किया गया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी द्वारा की जा रही है।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गहन जांच की। पुलिस के मुताबिक उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी आशिक अली को 26 सितंबर को गिरफ्तार किया गया, जिसे रविवार को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

दो अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच

पुलिस के अनुसार, साहिब अली एवं देवेश गंगवार के संबंध में वादी की ओर से धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस दोनों की भूमिका, धमकी से संबंधित तथ्यों तथा प्रकरण में संभावित संलिप्तता के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह हुई बरामदगी

पुलिस ने मुख्य आरोपी आशिक अली के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, इसी मोबाइल का इस्तेमाल कथित आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो बनाने तथा भेजने में किया गया था।

गिरफ्तार आरोपी: आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरमनगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़।

नामजद अन्य आरोपी: साहिब अली पुत्र भूरे शाह, निवासी बेरमनगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश तथा देवेश गंगवार निवासी लालकुआं, जनपद नैनीताल।

पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह एवं कांस्टेबल कुबेर सिंह शामिल रहे।