हल्द्वानी-काठगोदाम। नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों, जनसुविधाओं, शिक्षा व्यवस्था एवं गौवंश संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राजपुरा स्थित गौशाला, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम तथा वार्ड संख्या 22 की लाइन नंबर 12 में प्रस्तावित मीट बाजार के स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता
नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम में बैठक के दौरान महापौर ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था, शौचालय भवनों के निर्माण, जीर्णोद्धार एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों और प्रधानाचार्यों से चर्चा की।
महापौर ने शिक्षकों के रिक्त पदों तथा विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
गौशाला में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
राजपुरा स्थित गौशाला के औचक निरीक्षण के दौरान महापौर ने गौवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही अनुबंधित संस्था को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण चारा, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और सुरक्षा एवं देखरेख की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
महापौर ने स्पष्ट किया कि गौवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा।
वार्ड 22 में प्रस्तावित मीट बाजार का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान महापौर ने वार्ड संख्या 22 की लाइन नंबर 12 में प्रस्तावित मीट बाजार के लिए चयनित स्थल का पार्षद मो. गुफरान, सलीम सैफी एवं हाजी राशिद के साथ निरीक्षण किया। प्रस्तावित दुकानों के निर्माण, स्थल की उपयोगिता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
महापौर ने नगर निगम के सहायक अभियंता नवल नौटियाल को आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाते हुए जल्द कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम द्वारा शिक्षा, स्वच्छता, जनसुविधाओं, गौवंश संरक्षण और सुव्यवस्थित बाजार व्यवस्था से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। निगम का उद्देश्य हल्द्वानी-काठगोदाम के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं जनहितकारी शहर का निर्माण किया जाना है




