लालकुआं की ओर से आ रहा अवैध लकड़ी से भरा पिकअप वाहन पकड़ा, चालक फरार

Spread the love

लालकुआं की ओर से आ रहा अवैध लकड़ी से भरा पिकअप पकड़ा, चालक फरार

 

हल्द्वानी/लालकुआं। वन तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने सोमवार तड़के आनंदपुर मोड़ के पास अवैध लकड़ी से लदे एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। हालांकि, वन कर्मियों को देखकर चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार 5 अक्टूबर को तड़के करीब 2:30 बजे वन विभाग की टीम आनंदपुर मोड़ के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान लालकुआं की ओर से आ रहे संदिग्ध पिकअप वाहन संख्या UK18CA1774 को रोकने का प्रयास किया गया। वन कर्मियों को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध गोजिना प्रकाष्ठ (लकड़ी) लदी मिली। लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या प्रपत्र भी वाहन में नहीं मिला। इसके बाद वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 (यथा संशोधित 2001) की धारा 41, 42, 52 एवं 26 के तहत कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन और लकड़ी को सीज कर दिया।
सीज वाहन को विभागीय संसाधनों की मदद से डौली रेंज, लालकुआं में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। वन विभाग की टीम फरार चालक की पहचान और वाहन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल कुमार जोशी तथा डौली के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार पंत के दिशा-निर्देशन में की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा पान सिंह मेहता, वन बीट अधिकारी हरेंद्र, शाहिद बेग तथा श्रमिक कमल भाकुनी, पंकज और मनोहर सिंह शामिल रहे।