हल्द्वानी उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष (राज्य मंत्री) मुकेश कुमार ने मंगलवार को हल्द्वानी नगर निगम सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ समीक्षा एवं संवाद बैठक कर अनुसूचित जाति समाज की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के साथ जातिगत भेदभाव, छुआछूत और उत्पीड़न की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ितों को न्याय दिलाना आयोग की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, नगर निकायों के अध्यक्षों, सभासदों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान क्षेत्रीय समस्याओं, विकास कार्यों की प्रगति और अनुसूचित जाति समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। आयोग अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं के संबंध में सुझाव भी प्राप्त किए।
मुकेश कुमार ने कहा कि अनुसूचित जाति आयोग का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उसके संवैधानिक अधिकार दिलाना, भेदभाव एवं अन्याय पर प्रभावी रोक लगाना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी हैं। उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, छात्रवृत्ति, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचानी चाहिए, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
सड़क, स्ट्रीट लाइट और शौचालय की समस्याएं उठीं
बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रविंद्र बाली आर्य ने गोलापार के अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र बागवाला में सड़क, स्ट्रीट लाइट और जंगली जानवरों से उत्पन्न खतरे की समस्या उठाई। वहीं बासनी गांव निवासी हिमांशु आर्य ने गांव की ओर जाने वाली सड़क को सीसी मार्ग में परिवर्तित कराने की मांग रखी। दमुवाढूंगा क्षेत्रवासियों ने सुलभ शौचालय की उचित व्यवस्था किए जाने का मुद्दा उठाया।
इसके अलावा भूमि, आवास, पेयजल, शिक्षा, छात्रवृत्ति में विलंब, जाति प्रमाण पत्र, पेंशन, रोजगार, सामुदायिक भवन और जातिगत भेदभाव से संबंधित समस्याएं भी प्रमुखता से रखी गईं। आयोग अध्यक्ष ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
अत्याचार निवारण अधिनियम का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश
मुकेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाए। जातिगत भेदभाव, छुआछूत और उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ितों एवं उनके परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी है।
उन्होंने सामाजिक संगठनों से समाज में जागरूकता फैलाने, बच्चों की शिक्षा, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के ‘मेरी योजना’ ऐप के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
बैठक के अंत में आयोग अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा उठाई गई समस्याओं और सुझावों को शासन तथा संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।
इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, अल्पसंख्यक आयोग के डॉ. जेड.ए. वारसी, अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष रविंद्र बाली आर्य, जिला मंत्री आशीष कुमार, दिनेश सागर, मंडल अध्यक्ष भुवन आर्य, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख ईश्वरी राम सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



