खाकी को किससे लगा डर? कोतवाली में पहुंचा पानी का शिकारी, मची भगदड़, छूटे पसीने, 15 मिनट तक खौफ का गजब नजारा!
अपराधियों से दो-दो हाथ करने वाली खाकी उस वक्त खुद सहमी नजर आई, जब देर रात अचानक एक मगरमच्छ ने कोतवाली परिसर हरिद्वार में दस्तक दे दी। पानी के इस शिकारी को सामने देखते ही पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। देखते ही देखते कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद चार से अधिक जवान उससे बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। करीब 3 से 4 फीट लंबे मगरमच्छ की अचानक एंट्री ने पुलिसकर्मियों की धड़कनें बढ़ा दीं।
हैरानी की बात यह रही कि मगरमच्छ करीब 15 मिनट तक कोतवाली परिसर में बेखौफ घूमता रहा। पुलिसकर्मियों के पास डंडे समेत अन्य संसाधन मौजूद थे, लेकिन मगरमच्छ को देखते ही किसी की उसके नजदीक जाने की हिम्मत नहीं हुई। आखिरकार पुलिसकर्मियों ने वन विभाग को सूचना देकर मदद मांगी।
वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा, सुरक्षित पकड़ा मगरमच्छ
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी दुर्जट सिंह और सुमित सैनी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ मगरमच्छ को घेरकर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और मगरमच्छ को भी सुरक्षित पकड़ लिया गया।
पहले भागे, फिर फोटो खिंचवाने की लगी होड़!
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प और चौंकाने वाला पहलू मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद देखने को मिला। कुछ देर पहले तक जिस मगरमच्छ को देखकर पुलिसकर्मी उससे दूरी बना रहे थे, वन विभाग की टीम के उसे काबू में करते ही वही जवान उसके करीब पहुंच गए। फिर डर और घबराहट की जगह कैमरे के सामने तस्वीरें खिंचवाने का दौर शुरू हो गया।
कोतवाली परिसर का यह नजारा अब चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग भी इस घटनाक्रम पर चुटकी लेते नजर आ रहे हैं कि जब तक मगरमच्छ खुलेआम घूमता रहा, तब तक खाकी उससे दूरी बनाती रही, लेकिन जैसे ही वन विभाग ने उसे पकड़ लिया, जवानों का डर गायब हो गया और फोटो खिंचवाने का उत्साह जाग उठा।



