नैनीताल जू में जल्द आएगी सफेद बाघिन और रंग-बिरंगे मकाउ पक्षी, वन्यजीवों के आदान-प्रदान पर पटना और देहरादून चिड़ियाघर से बनी सहमति, सीजेडए की मंजूरी

Spread the love

 

 

नैनीताल। नैनीताल प्राणी उद्यान में वन्यजीवों की विविधता बढ़ाने की दिशा में जल्द ही महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। यहां पर्यटकों को जल्द ही मादा व्हाइट टाइगर और आकर्षक मकाउ पक्षियों को देखने का अवसर मिल सकता है। इसके लिए पटना और देहरादून चिड़ियाघर के साथ वन्यजीवों के आदान-प्रदान को लेकर सहमति बन गई है। अब केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) की मंजूरी मिलने का इंतजार है।

 

प्राणी उद्यान के डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि पटना चिड़ियाघर से एक मादा व्हाइट टाइगर लाने की योजना तैयार की गई है। इसके बदले नैनीताल जू की ओर से एक काला भालू पटना चिड़ियाघर को दिया जाएगा। इस प्रस्ताव को लेकर दोनों चिड़ियाघरों के बीच लंबे समय से बातचीत और पत्राचार चल रहा था। अब सहमति बनने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

 

इसी क्रम में देहरादून चिड़ियाघर के साथ भी वन्यजीवों के आदान-प्रदान पर सहमति बनी है। इसके तहत नैनीताल प्राणी उद्यान में मकाउ पक्षी लाए जाएंगे, जबकि इनके बदले यहां से चीता फीजेंट पक्षी देहरादून चिड़ियाघर को भेजे जाएंगे।

 

गौरतलब है कि नैनीताल प्राणी उद्यान में पूर्व में भी मकाउ पक्षी मौजूद रहे हैं। इनके दोबारा आने से चिड़ियाघर में पक्षियों की प्रजातियों की विविधता बढ़ेगी और पर्यटकों के आकर्षण में भी इजाफा होगा।

 

डीएफओ के अनुसार, दोनों प्रस्ताव केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की तकनीकी समिति की मंजूरी के लिए भेजे जाएंगे। स्वीकृति मिलने के बाद वन्यजीवों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया में करीब तीन से छह महीने का समय लगने की संभावना है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement