हल्द्वानी। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित भव्य युवा उत्सव में भक्ति, संगीत, संस्कृति, आध्यात्मिकता और हास्य का अनूठा संगम देखने को मिला। SAM एवं नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के संयुक्त तत्वावधान में महापौर गजराज सिंह बिष्ट के विशेष सहयोग एवं संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में महापौर गजराज सिंह बिष्ट, नैनीताल-उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, स्वामी उमेशानंद जी (DJJS) एवं साध्वी ऋतु भारती (समन्वयक, रुद्रपुर DJJS) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत : महापौर
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उसके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होते हैं। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। आधुनिकता और सांस्कृतिक विरासत का समन्वय ही सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण का आधार है। नगर निगम युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें सकारात्मक मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
स्वामी विवेकानंद के विचार युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : अजय भट्ट
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
भजन क्लबिंग और कुमाऊंनी लोकगीतों ने बांधा समां
युवा उत्सव का प्रमुख आकर्षण SAM के प्रसिद्ध बैंड ‘Eternal Bliss’ की भजन क्लबिंग प्रस्तुति रही। पारंपरिक भक्ति संगीत और आधुनिक संगीत के इस शानदार संगम ने युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं लोकप्रिय कुमाऊंनी लोकगीत ‘बेडू पाको’ की प्रस्तुति पर युवा जमकर झूमे। SAM की ‘Eternal Splendor’ टीम ने स्वामी विवेकानंद के जीवन चरित्र पर आधारित प्रभावशाली नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और राष्ट्र निर्माण के आदर्शों से जुड़ने का संदेश दिया।
कॉमेडियन सिद्धार्थ सागर की प्रस्तुति पर गूंजे ठहाके
कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता एवं लोकप्रिय स्टैंडअप कॉमेडियन सिद्धार्थ सागर की हास्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। ‘द कपिल शर्मा शो’ सहित कई लोकप्रिय कॉमेडी शोज का हिस्सा रह चुके सिद्धार्थ सागर ने अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग, मजेदार किस्सों और चुटीले अंदाज से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। उनकी प्रस्तुति से पूरा परिसर ठहाकों और उत्साह से गूंज उठा।
इस अवसर पर साध्वी शैलासा भारती ने प्रेरणादायी संबोधन में युवाओं को आत्मबोध, लक्ष्य निर्धारण और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और सामर्थ्य का उपयोग व्यक्तिगत विकास के साथ समाज एवं राष्ट्र के उत्थान में करने का आह्वान किया।
संस्कारवान युवा ही बनाएंगे सशक्त राष्ट्र
SAM की निदेशक साध्वी डॉ. शिवानी भारती एवं समन्वयक साध्वी रुचि भारती ने संस्था के व्यापक दृष्टिकोण को साझा करते हुए बताया कि यह पहल परम पूज्य श्री आशुतोष महाराज जी की दिव्य प्रेरणा से संचालित है। ब्रह्मज्ञान के सनातन विज्ञान के माध्यम से युवाओं को जागरूक, संस्कारवान, मूल्यनिष्ठ एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़े रहते हुए आधुनिक चुनौतियों का सामना करना चाहिए। स्वामी विवेकानंद का जीवन और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, संस्कार और सामाजिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, हुकुम कुंवर, ब्लॉक प्रमुख केडी रूवाली, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
युवा उत्सव आधुनिकता और भारतीय संस्कृति के सुंदर समन्वय का उदाहरण बना। भक्ति, आध्यात्मिकता, संगीत और मनोरंजन के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।



