गौलापार में खनन कार्य ठप – बोल्डरों की वजह से 150 वाहनों की निकासी रोकी, श्रमिक परेशान
गौलापार में वन विकास निगम के सीमांकन क्षेत्र के भीतर बड़े बोल्डरों के मिलने से खनन कार्य प्रभावित हो गया है। स्थिति ऐसी बन गई कि करीब 150 वाहनों की निकासी रोकनी पड़ी, जिससे वाहन स्वामियों और श्रमिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी ने बताया कि नंधौर नदी को चैनलाइज करने वाले क्षेत्र में बड़े-बड़े बोल्डर आने के कारण मजदूरों के वाहनों को अस्थायी रूप से किनारे के क्षेत्रों में भरान कार्य के लिए लगाया गया था। इसी दौरान वन विकास निगम ने उस स्थान पर खड़े लगभग 150 वाहनों को बाहर निकलने से रोक दिया।
उन्होंने कहा कि जब तक नदी के बीच स्थित बोल्डरों को हटाया नहीं जाता, तब तक चैनलाइज तरीके से खनन कार्य संभव नहीं होगा। इस समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी से मुलाकात कर स्थायी व्यवस्था की मांग की जाएगी।

