जिलेभर में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, लालकुआ समेत रामनगर में सबसे अधिक 7 और बनभूलपुरा में 5 वारंटियों की हुई गिरफ्तारी

Spread the love

 दीपावली पर एसएसपी नैनीताल का बड़ा एक्शन, ऑपरेशन प्रहार में 18 वारंटी गिरफ्तार

 

लालकुआं/नैनीताल। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 18 वारंटियों को गिरफ्तार किया है।

 

एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र एवं एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान न्यायालयों से जारी गैर जमानती वारंट (NBW) की तामील कर फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

 

पुलिस की इस कार्रवाई में रामनगर पुलिस ने सर्वाधिक सात वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि बनभूलपुरा पुलिस ने पांच, काठगोदाम पुलिस ने दो तथा तल्लीताल, हल्द्वानी, लालकुआं और बेतालघाट पुलिस ने एक-एक वारंटी को गिरफ्तार किया।

 

रामनगर और बनभूलपुरा में सबसे बड़ी कार्रवाई

 

कोतवाली रामनगर के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान के तहत मौ. अनवर, प्रीतपाल सिंह कड़ाकोटी, ज्योति कौर, रोशन लाल, रमेश सिंह, कुलवंत सिंह और सोनू सिंह को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक अभियोग का निस्तारण भी किया गया।

 

वहीं कोतवाली बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पांच वारंटियों फिरोज उर्फ पकिया, फैजान उर्फ मुन्ना, मौ. आमिर कुरैशी, भूरा और नाजिम हुसैन को गिरफ्तार किया।

 

काठगोदाम और हल्द्वानी पुलिस भी रही सक्रिय

 

काठगोदाम पुलिस ने जोगेंद्र प्रसाद एवं विनोद आर्या को गिरफ्तार किया। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने गैर जमानती वारंट की तामील करते हुए रोहित कर्मवाल उर्फ लकी शूटर को गिरफ्तार किया।

 

लालकुआं पुलिस ने फरार वारंटी को दबोचा

 

कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन राणा के नेतृत्व में चौकी हल्दूचौड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे पवन जोशी पुत्र कृष्णानंद जोशी, निवासी किशनपुर सकुलिया, मोटाहल्दू को गिरफ्तार किया। चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी एवं कांस्टेबल गुरमेज सिंह की टीम ने 9 नवंबर को न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट की तामील की।

 

तल्लीताल और बेतालघाट में भी गिरफ्तारी

 

तल्लीताल पुलिस ने विजय कुमार पुत्र बिहारी लाल, निवासी हरिनगर को गिरफ्तार किया। वहीं बेतालघाट पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के तहत भरत सिंह पुत्र नन्दन सिंह, निवासी ग्राम नैनीचक हल्सो कोरड़ को 10 नवंबर को उसके घर से गिरफ्तार किया।

 

न्यायालय में पेश किए जाएंगे सभी आरोपी

 

नैनीताल पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी 18 वारंटियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही फरार वारंटियों के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई को पुलिस की सक्रियता और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement