लालकुआं। अम्बेडकर नगर वार्ड नंबर एक में बीती देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंद मकान अचानक आग की लपटों से घिर गया। देखते ही देखते आग ने घर के भीतर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में फ्रीज, कूलर, पंखे, कपड़े, बिस्तर, बर्तन सहित जरूरत का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार ने अग्निकांड में पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान की बात कही है।
बताया जा रहा है कि मकान स्वामी राजेश उर्फ बल्ले अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाने दिल्ली गए हुए थे। घर बंद था। सोमवार देर रात उनके भाइयों शम्भू और हरीश की नजर मकान की ओर गई तो खिड़कियों और छत से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में मकान के भीतर आग भड़कने का पता चला।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। घंटों की मशक्कत के बाद आग को काबू में किया जा सका। हालांकि तब तक घर के अंदर रखा सामान बुरी तरह जल चुका था।
घटना की जानकारी फोन पर दिल्ली में मौजूद राजेश को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार मंगलवार सुबह लालकुआं पहुंचा। घर की हालत देखकर परिजनों की आंखों में आंसू आ गए। परिवार के मुताबिक आग में उनकी वर्षों की जमा गृहस्थी बर्बाद हो गई।
बंद मकान में आग किस वजह से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद आसपास के लोगों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।
