उत्तराखंड में भूकंप से हिली धरती, चमोली में आधे घंटे के भीतर दो बार कांपे लोग, मचा हड़कंप , घरों से बाहर भागे लोग

Spread the love

 

 

ज्योर्तिमठ रहा पहले भूकंप का केंद्र, 4.1 और 2.8 तीव्रता के आए दो झटके, अफगानिस्तान से तिब्बत तक भी कांपी धरती

 

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार सुबह भूकंप के दो झटकों से धरती कांप उठी। आधे घंटे के भीतर एक के बाद एक आए भूकंप के झटकों से लोगों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। अचानक धरती हिलने से लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। सुबह-सुबह आए इन झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अभी तक जिले में कहीं से भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

 

जानकारी के अनुसार, पहला भूकंप सुबह 10 बजकर 21 मिनट 11 सेकेंड पर आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 मापी गई, जबकि इसकी गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर के मुताबिक, पहले भूकंप का केंद्र ज्योर्तिमठ क्षेत्र में था।

 

इसके करीब 31 मिनट बाद सुबह 10 बजकर 52 मिनट 48 सेकेंड पर दूसरा भूकंप आया। इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई और गहराई पांच किलोमीटर दर्ज की गई। लगातार दो झटकों से क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल रहा। प्रशासन के अनुसार स्थिति सामान्य है और किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

 

अफगानिस्तान से तिब्बत तक कांपी धरती

 

चमोली में भूकंप के झटकों के बाद पड़ोसी देश अफगानिस्तान में भी धरती कांप उठी। यहां सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर भूकंप दर्ज किया गया, जिसका केंद्र काबुल से करीब 312 किलोमीटर दूर बताया गया। वहीं तिब्बत में भी दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह 11 बजकर 2 मिनट पर 3.6 तीव्रता का भूकंप आया, जबकि इससे पहले सुबह 4 बजकर 50 मिनट पर 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

 

मणिपुर में भी 4.2 तीव्रता का भूकंप

 

बुधवार सुबह भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इंफाल में सुबह 7 बजकर 43 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई।

 

गौरतलब है कि इससे पहले 13 नवंबर को बागेश्वर जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रात करीब 12 बजकर 27 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई थी, जिसका केंद्र पिथौरागढ़ जिले में बताया गया था। लगातार अलग-अलग हिमालयी क्षेत्रों में महसूस हो रहे भूकंप के झटकों ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों की भूकंपीय संवेदनशीलता को चर्चा में ला दिया है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement