दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा समेत 12 नेताओं ने भीमताल सीट पर ठोकी टिकट की ताल, भाजपा में सियासी घमासान तेज!

Spread the love

 दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा समेत 12 नेताओं ने भीमताल सीट पर ठोकी टिकट की ताल, भाजपा में सियासी घमासान तेज!

 

भीमताल। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भाजपा संगठन में चुनावी तैयारियों और बैठकों का दौर शुरू होते ही भीमताल विधानसभा सीट पर टिकट को लेकर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आ गई है। वर्तमान विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की इस सीट पर भाजपा के 12 नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश कर सियासी मुकाबले को रोचक बना दिया है।

 

संगठन की ओर से भेजे गए प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने भीमताल पहुंचकर संभावित दावेदारों की नब्ज टटोली। इस दौरान टिकट के इच्छुक नेताओं ने अपनी राजनीतिक सक्रियता, संगठन में योगदान, जनाधार और चुनाव जीतने की क्षमता का हवाला देते हुए अपना पक्ष मजबूती से रखा।

 

दावेदारी पेश करने वालों में धामी सरकार में दर्जा राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ पत्रकार ध्रुव रौतेला प्रमुख रूप से शामिल रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी यदि उन्हें मौका देती है तो भीमताल विधानसभा में ऐतिहासिक जीत दर्ज कराई जाएगी। वहीं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता खीमा शर्मा ने भी टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की।

 

भीमताल के ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री एवं महिला नेत्री भावना मेहरा तथा पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान दर्जा राज्य मंत्री देवेंद्र ढैला ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। इसके अलावा पूर्व मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी और पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज साह ने भी पार्टी नेतृत्व के सामने अपना दावा प्रस्तुत किया।

 

इसी क्रम में नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने भी भीमताल विधानसभा सीट से टिकट की मांग रखकर राजनीतिक चर्चाओं को नया आयाम दे दिया है। दुग्ध सहकारिता के क्षेत्र में अपनी सक्रियता रखने वाले मुकेश बोरा की दावेदारी को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं हिंदूवादी नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने भी अपनी दावेदारी पेश की।

 

पूर्व जिला मंत्री एवं पूर्व सैनिक कुंदन चिलवाल और पूर्व जिला मंत्री तथा संघ के स्वयंसेवक दिनेश सांगुड़ी ने भी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए पार्टी नेतृत्व के सामने अपना पक्ष रखा।

 

कैड़ा के सामने अपनों की चुनौती, टिकट की दौड़ हुई दिलचस्प

 

हालांकि वर्तमान विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा को भी भीमताल सीट से स्वाभाविक रूप से प्रमुख दावेदार माना जा रहा है, लेकिन पार्टी के भीतर एक दर्जन नेताओं की दावेदारी ने टिकट चयन को लेकर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है। एक ही विधानसभा सीट पर इतने दावेदारों के सामने आने से भाजपा संगठन के लिए प्रत्याशी चयन की चुनौती भी बढ़ गई है।

 

अब सभी की निगाहें भाजपा नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं। पार्टी किसके राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक पकड़, जनाधार और चुनावी समीकरणों को तरजीह देती है, यह आने वाला समय बताएगा। फिलहाल भीमताल विधानसभा सीट पर टिकट की जंग ने चुनाव से पहले ही सियासी माहौल गरमा दिया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement