लालकुआ देर शाम कार की टक्कर से आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहा राजीव, सिर की चोट से नहीं थम रही ब्लीडिंग; बिगड़ती हालत देख डॉक्टर भी चिंतित

Spread the love

 

 

लालकुआं। देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने 38 वर्षीय राजीव कश्यप और उनके परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल राजीव इस समय रुद्रपुर के गौतम हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती हैं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण लगातार ब्लीडिंग हो रही है। हालत नाजुक बनी हुई है और चिकित्सक भी उनकी स्थिति को लेकर चिंतित हैं। दूसरी ओर अस्पताल के बाहर परिजन उनकी सलामती की दुआएं मांग रहे हैं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार रुद्रपुर की डीपीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत 38 वर्षीय राजीव कश्यप देर शाम बाइक से वीआईपी गेट क्षेत्र से लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर में जैन ट्रांसपोर्ट के ठीक सामने पंतनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजीव सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल राजीव को नगर के निजी क्लीनिक पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. विजय विश्वास ने बताया कि युवक के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

 

इसके बाद परिजन बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर राजीव को हल्द्वानी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार करने से मना कर दिया। परेशान परिजन उन्हें लेकर रुद्रपुर के गौतम हॉस्पिटल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल भर्ती कर एक्स-रे जांच की। जांच में हथेली और घुटने की हड्डियां टूटने की पुष्टि हुई। इसके अलावा सिर में गंभीर चोट लगने से लगातार ब्लीडिंग होने की जानकारी भी सामने आई।

 

आईसीयू में चल रहा उपचार, परिजनों की टिकी हैं निगाहें

 

राजीव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है। सिर से लगातार खून बहने के कारण चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि ब्लीडिंग नहीं रुकने से चिकित्सक भी चिंतित हैं। उधर, परिवार के लोगों के लिए हर पल भारी पड़ रहा है। अस्पताल में भर्ती राजीव की सलामती ही अब परिजनों की सबसे बड़ी उम्मीद बन गई है। पूरा परिवार उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की प्रार्थना कर रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement