हल्द्वानी गैस गोदाम रोड पर आग ने मचाई तबाही, दमकल विभाग की मुस्तैदी से बचीं आसपास की दुकानें और मकान

Spread the love

 गैस गोदाम रोड पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एस मोड़ के समीप स्थित एक बड़ी फर्नीचर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और टिन शेड से बनी पूरी दुकान लपटों की चपेट में आ गई। आग की ऊंची लपटें और उठता धुआं देखकर आसपास के दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौरव किरार अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता को देखते हुए हल्द्वानी फायर स्टेशन के साथ रामलीला मैदान ऊंचापुल में तैनात नजदीकी फायर यूनिट तथा अन्य अग्निशमन वाहन को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

 

तीन दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, फायर हाइड्रेंट से हुई पानी की आपूर्ति*

 

आग बुझाने के अभियान में पानी की कमी न हो, इसके लिए फायर विभाग की टीम ने घटनास्थल के पास मौजूद फायर हाइड्रेंट को तत्काल चालू करवाया। सीएफओ गौरव किरार के नेतृत्व में तीन दमकल गाड़ियों और अग्निशमन कर्मियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और अथक प्रयासों के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

 

दमकल विभाग की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

 

फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के चलते आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

 

नुकसान और आग लगने के कारणों की जांच जारी

 

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और फर्नीचर की दुकान में हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। सीएफओ गौरव किरार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की वजह और कुल आर्थिक नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement