उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, पांच पर्वतीय जिलों में बारिश के आसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

Spread the love

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, पांच पर्वतीय जिलों में बारिश के आसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

 

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

 

11 और 12 नवंबर को मौसम रहेगा शुष्क

 

मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है। इससे सुबह और शाम के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।

 

13 और 14 नवंबर को फिर बारिश और बर्फबारी के आसार

 

मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। 13 और 14 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

 

15 नवंबर को फिर रहेगा शुष्क मौसम

 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 नवंबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित बारिश और बर्फबारी को देखते हुए स्थानीय लोगों एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आवाजाही करने वाले पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement