दीपावली की रात नैनीताल जिले के रामनगर में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। खताड़ी क्षेत्र के चुना भट्टा इलाके में स्थित एक आरा मशीन में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। हालांकि, आग की चपेट में आने से आरा मशीन को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि दीपावली के अवसर पर जलाए गए पटाखों की कोई चिंगारी आरा मशीन में रखी लकड़ी अथवा अन्य ज्वलनशील सामग्री तक पहुंच गई होगी, जिससे आग भड़क उठी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नुकसान का आकलन जारी
दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। फिलहाल घटना में हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।



