लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के बीच हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। अध्यक्ष के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में नगर पंचायत के समस्त कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक अध्यक्ष और पुलिस प्रशासन के बीच सफल वार्ता नहीं हो जाती, तब तक नगर पंचायत की ओर से शहर में दी जाने वाली विभिन्न सेवाएं स्थगित रहेंगी।
नगर पंचायत कर्मचारियों की ओर से अधिशासी अधिकारी एवं अध्यक्ष को संबोधित जारी पत्र में बताया गया है कि 11 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 7:30 बजे जनहित से जुड़े एक मामले में कोतवाल द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। कर्मचारियों का कहना है कि इस घटना से नगर पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत बोर्ड एवं विभाग की छवि प्रभावित हुई है।
पत्र में कर्मचारियों ने सामूहिक निर्णय लेते हुए कहा है कि जब तक अध्यक्ष महोदय और पुलिस प्रशासन के बीच सकारात्मक एवं सफल वार्ता नहीं हो जाती, तब तक नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था, पथ प्रकाश सेवा तथा अन्य कार्यालयी कार्य स्थगित रहेंगे।
शहर की सफाई व्यवस्था पर मंडराया संकट
नगर पंचायत कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के फैसले से शहर की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका गहरा गई है। यदि सफाई व्यवस्था ठप रहती है तो सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े का अंबार लग सकता है। इससे गंदगी के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी पैदा हो सकता है। वहीं पथ प्रकाश व्यवस्था प्रभावित होने से रात्रि में लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ सकती है।
अब पूरे मामले में पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत के बीच होने वाली वार्ता पर शहरवासियों की निगाहें टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि विवाद का जल्द समाधान निकलेगा और शहर की मूलभूत सुविधाएं सुचारु रहेंगी।
कार्य बहिष्कार संबंधी पत्र पर नगर पंचायत के कर्मचारियों के हस्ताक्षर हैं।



