पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) ने सामाजिक न्याय, समानता और रोजगार की मांग को लेकर बुलंद की आवाज, वर्ष 2027 में योग्य एवं शिक्षित प्रत्याशी मैदान में उतारने का ऐलान
हल्द्वानी। पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के तत्वावधान में मजदूरों, श्रमिकों, किसानों, नौजवानों एवं महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय, समानता और रोजगार की मांग को लेकर हल्द्वानी महानगर में विशाल महागर्जना रैली एवं सभा का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से पार्टी ने आम नागरिकों के अधिकारों की आवाज बुलंद करते हुए सरकार से संविधान की मूल भावना के अनुरूप सभी वर्गों को न्याय एवं अधिकार प्रदान करने की मांग उठाई।
पार्टी का मुख्य उद्देश्य भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान को उसकी मूल भावना के अनुरूप लागू करवाना तथा संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. केएस चौहान ने कहा कि आज देश में मजदूर अपने अधिकारों और उचित मजदूरी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। किसान अपनी फसलों का उचित मूल्य पाने के लिए आवाज उठा रहे हैं, वहीं नौजवान रोजगार की तलाश में परेशान हैं। महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकारों की आवश्यकता है। इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
महागर्जना रैली में उठाई गईं प्रमुख मांगें
* बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान को उसकी मूल भावना के अनुरूप पूर्ण रूप से लागू किया जाए।
* मजदूरों एवं श्रमिकों को उचित मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिले।
* बेरोजगार नौजवानों को स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
* किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य और कृषि संबंधी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएं।
* महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, समानता एवं रोजगार के पर्याप्त अवसर दिए जाएं।
* गरीब, शोषित, वंचित एवं पिछड़े वर्गों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित किया जाए।
पार्टी ने मजदूरों, किसानों, नौजवानों, महिलाओं, सामाजिक संगठनों एवं संविधान में विश्वास रखने वाले नागरिकों से महागर्जना रैली और सभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। साथ ही वर्तमान सरकारों से संविधान में प्रदत्त अधिकारों को धरातल पर लागू करने की मांग की गई।
पार्टी की ओर से यह भी घोषणा की गई कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) योग्य, शिक्षित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारेगी।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. केएस चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार, प्रदेश संगठन सचिव एडवोकेट गंगा प्रसाद, चंदन मूलनिवासी, जिला अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण, इरशाद अंसारी, राजा गौतम, शफीक अहमद, किशन, महानगर अध्यक्ष, खलीकुर रहमान, महानगर सचिव, मनोज गुप्ता, हरीश आर्या, सुंदर चंद्रा, दीपक चन्याल, मनोज कुमार सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



