नेपाल में सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके, 4.9 रही तीव्रता; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
सुबह 4:30 बजे कांपी धरती, जमीन से 73 किलोमीटर नीचे था भूकंप का केंद्र; राहत की बात, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
नेपाल। नेपाल में गुरुवार सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर धरती कांपते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.9 मापी गई। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 73 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। इसका केंद्र 27.671 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.987 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। यह स्थान भारत के सिक्किम में युकसोम से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में बताया गया है
एक सप्ताह में दूसरी बार कांपी धरती
नेपाल में इस सप्ताह दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले बीते शुक्रवार सुबह करीब 7 बजकर 10 मिनट पर हुम्ला जिले में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, उस भूकंप का असर आसपास के मुगु और बाजहांग जिलों में भी महसूस किया गया था।
आखिर क्यों आते हैं भूकंप?
भूकंप आने की प्रमुख वजह पृथ्वी के भीतर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल है। पृथ्वी की बाहरी परत कई छोटी-बड़ी प्लेटों में विभाजित है, जो लगातार धीमी गति से खिसकती रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, एक-दूसरे से दूर जाती हैं या रगड़ खाती हैं, तो धरती के भीतर ऊर्जा जमा होने लगती है।
जब यह ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, तो जमीन में कंपन पैदा होता है, जिसे भूकंप कहा जाता है। भूकंप का प्रभाव उसके केंद्र के आसपास अधिक महसूस होता है, हालांकि इसकी तीव्रता और गहराई के आधार पर दूर-दराज के क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए जा सकते हैं।



