(ब्रेकिंग न्यूज) राष्ट्रीय स्तर पर लालकुआं नगर पंचायत का डंका! Urban Learnathon 2.0 में हासिल किया प्रथम स्थान,17 नवंबर को देहरादून में मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, गुलमोहर स्वयं सहायता समूह के आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल को मिली देशभर में पहचान

Spread the love

राष्ट्रीय स्तर पर लालकुआं नगर पंचायत का डंका! Urban Learnathon 2.0 में हासिल किया प्रथम स्थान

 

17 नवंबर को देहरादून में मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, गुलमोहर स्वयं सहायता समूह के आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल को मिली देशभर में पहचान

 

लालकुआं (नैनीताल)। उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है कि नगर पंचायत लालकुआं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और कार्यशैली का लोहा मनवाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) की ओर से आयोजित Urban Learnathon 2.0 में नगर पंचायत लालकुआं को Other ULBs उप-श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है। इस उपलब्धि पर नगर पंचायत को 17 नवंबर को देहरादून में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि नगर पंचायत लालकुआं को यह सम्मान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए अभिनव प्रयासों और गुलमोहर स्वयं सहायता समूह आधारित आत्मनिर्भर वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल के लिए मिला है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगर पंचायत की टीम, कर्मचारियों और स्वयं सहायता समूह के सदस्यों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे नगर और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि नगर पंचायत भविष्य में भी स्वच्छता, नवाचार और जनसहभागिता के माध्यम से नगर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

 

Urban Learnathon 2.0 शहरी निकायों के नवाचार, उत्कृष्ट कार्यों और सफल कार्यप्रणालियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है। इसमें निकायों के कार्यों का मूल्यांकन नवाचार, प्रभाव, उपयोगिता और अन्य शहरों में उन्हें अपनाए जाने की संभावनाओं के आधार पर किया जाता है।

 

उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत लालकुआं ने जून 2024 में गुलमोहर नाम से उत्तराखंड का प्रथम पुरुष स्वयं सहायता समूह गठित किया था। इस समूह के माध्यम से घर-घर कूड़ा संग्रहण और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) का संचालन किया जा रहा है। समूह के सदस्य एकत्रित कचरे का पृथक्करण, पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का संग्रहण एवं विक्रय तथा अपशिष्ट के उचित निस्तारण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

 

इस मॉडल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि कचरे को केवल समस्या न मानकर उसे आय और रोजगार का माध्यम बनाया गया है। स्वयं सहायता समूह को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। साथ ही कचरे से आय अर्जित करने की व्यवस्था विकसित होने से नगर पंचायत पर संचालन का वित्तीय भार भी कम हुआ है। इससे स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिली है।

 

यह पहल स्वच्छ भारत मिशन एवं दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता से शहरी स्वच्छता को मजबूत बनाने का अनुकरणीय उदाहरण है।

 

नगर पंचायत लालकुआं की यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय नवाचार, जनसहभागिता और बेहतर प्रशासनिक प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी पहचान है। लालकुआं का गुलमोहर मॉडल अब प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। यह सम्मान पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement