लालकुआ विधान सभा क्षेत्र मोटाहल्दू में वरिष्ठ पत्रकार को बेची गई खराब और बदबूदार मिठाई, शिकायत पर दुकानदार का कथित जवाब—‘कोई बात नहीं, होता रहता है ,ग्राहक बने वरिष्ठ पत्रकार ने दुकानदार को फोन कर बताई मिठाई की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा विभाग ने उत्तराखंड स्वीट्स से लिया नमूना, जांच रिपोर्ट का इंतजार

Spread the love

 

लालकुआं/मोटाहल्दू। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की सक्रियता के बीच मोटाहल्दू में एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक मिठाई विक्रेता पर क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार को बासी, खराब और बदबूदार मिठाई बेचने का आरोप लगा है। मिठाई की शिकायत किए जाने पर दुकानदार के कथित जवाब ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

 

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार ने विगत दिवस मोटाहल्दू स्थित एक मिठाई की दुकान से मिठाई खरीदी थी। घर पहुंचने पर मिठाई से बदबू आने और उसके खराब होने का पता चला। इस पर उन्होंने तत्काल फोन कर दुकानदार को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि दुकानदार ने अपनी जिम्मेदारी समझने और शिकायत का समाधान करने के बजाय कथित तौर पर जवाब दिया कोई बात नहीं, होता रहता है।

 

एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ ग्राहक के रूप में हुए इस अनुभव ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति कारोबारियों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

इसी बीच गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोटाहल्दू क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने उत्तराखंड स्वीट्स नामक मिठाई की दुकान से मिठाई का नमूना लिया। विभागीय टीम ने नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

 

स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने, संबंधित दुकान में उपलब्ध मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच करने तथा प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

 

अब देखना यह होगा कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और खाद्य सुरक्षा विभाग उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़े इस मामले में क्या कदम उठाता है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement