हल्द्वानी। सात वर्षीय मासूम कशिश के साथ दुष्कर्म और हत्या के बहुचर्चित मामले में 12 साल बीत जाने के बाद भी परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है। बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहे पिता महेश चंद ने एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने ऐलान किया है कि 20 नवंबर से दोबारा आंदोलन शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि अब उन्हें सरकार से कोई उम्मीद नहीं बची है, लेकिन बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई वह आखिरी सांस तक जारी रखेंगे।
बुधवार को हल्द्वानी में मीडिया से बातचीत के दौरान महेश चंद भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने और मामले में मजबूत कानूनी पैरवी का भरोसा दिया था। सरकार के आश्वासन पर परिवार ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन लंबे समय बाद भी याचिका की स्थिति और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। इसी नाराजगी के चलते परिवार ने फिर से आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
20 नवंबर से फिर सड़कों पर उतरेगा परिवार
महेश चंद ने कहा कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए परिवार ने हर स्तर पर संघर्ष किया है। सरकार की ओर से भरोसा मिलने के बाद उन्होंने आंदोलन रोक दिया था, लेकिन अब तक की स्थिति से परिवार संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है कि केवल पुनर्विचार याचिका दाखिल कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी और मजबूत पैरवी भी जरूरी है। उन्होंने आम जनता से भी इस संघर्ष में साथ देने की अपील की है।
याचिका की स्थिति स्पष्ट करने की मांग
कशिश के चाचा ताराचंद ने कहा कि सरकार की ओर से पुनर्विचार याचिका दाखिल किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन परिवार को अभी तक इसकी मौजूदा स्थिति, स्वीकार किए जाने और अगली सुनवाई को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। परिवार की मांग है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुप्रीम कोर्ट में मजबूती से अपना पक्ष रखे, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
सीएम ने दिए थे पुनर्विचार याचिका के निर्देश
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद 18 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने न्याय विभाग को मामले में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने परिवार को मजबूत कानूनी पैरवी का भरोसा भी दिलाया था। इसके बाद सरकार के आश्वासन पर परिजनों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था।
जनवरी 2026 में सरकार की ओर से परिवार को बताया गया था कि पुनर्विचार याचिका दाखिल कर दी गई है और मामले में पैरवी के लिए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को लगाया गया है। हालांकि, परिवार का कहना है कि याचिका की वर्तमान स्थिति और सुनवाई को लेकर उन्हें अब तक संतोषजनक जानकारी नहीं मिल पाई है।
2014 में शादी समारोह से लापता हुई थी सात वर्षीय कशिश
नवंबर 2014 में पिथौरागढ़ निवासी सात वर्षीय कशिश हल्द्वानी के काठगोदाम स्थित शीशमहल के रामलीला मैदान में अपने मामा के शादी समारोह में शामिल होने आई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। पांच दिन बाद 25 नवंबर को उसका शव गौला नदी के समीप जंगल क्षेत्र में बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम में बच्ची के साथ यौन हिंसा और गंभीर चोटों की पुष्टि हुई थी।
पुलिस ने मामले में अख्तर अली, प्रेमपाल वर्मा और जूनियर मसीह उर्फ फॉक्सी को गिरफ्तार किया था। 11 मार्च 2016 को विशेष पॉक्सो अदालत ने अख्तर अली को फांसी की सजा सुनाई थी, जबकि प्रेमपाल वर्मा को पांच साल की कठोर कैद हुई थी। जूनियर मसीह को अदालत ने बरी कर दिया था। इसके बाद 18 अक्टूबर 2019 को हाईकोर्ट ने अख्तर अली की फांसी की सजा बरकरार रखी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने साक्ष्यों की कड़ी को माना था अधूरा
10 सितंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने अख्तर अली और प्रेमपाल वर्मा को बरी कर दिया था। अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि अभियोजन पक्ष परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की पूरी कड़ी स्थापित करने में सफल नहीं रहा। फैसले में डीएनए साक्ष्यों की विश्वसनीयता, फॉरेंसिक नमूनों के रखरखाव, गवाहों के बयान दर्ज करने में देरी और अंतिम बार देखे जाने से जुड़े साक्ष्यों पर सवाल उठाए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से परिवार को गहरा झटका लगा था। इसके बाद से ही परिजन पुनर्विचार याचिका दाखिल कर प्रभावी कानूनी पैरवी की मांग कर रहे हैं।
कशिश के नाम पर रखा गया इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम
मासूम कशिश की स्मृति को जीवित रखने के लिए पिथौरागढ़ स्थित सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम बदलकर उसके नाम पर रखा गया था। वर्ष 2016 में इसके लिए शासन की ओर से गजट अधिसूचना भी जारी की गई थी। हालांकि, परिजनों का कहना है कि संस्थान का नाम बेटी के नाम पर रखे जाने से उन्हें संतोष जरूर है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी मांग आज भी बेटी को न्याय दिलाना है।
परिवार का साफ कहना है कि जब तक कशिश को न्याय नहीं मिलता, उनका संघर्ष थमने वाला नहीं है। 20 नवंबर से प्रस्तावित आंदोलन के जरिए एक बार फिर यह मामला जनता के बीच उठाया जाएगा।



