राजस्व गांव की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन की बड़ी रैली, भाकपा (माले) की बैठक में तैयारियों पर हुआ मंथन
लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में इंडिया गठबंधन द्वारा 15 नवंबर को आयोजित मुख्यमंत्री आवास देहरादून कूच में हजारों बिंदुखत्ता वासियों के शामिल होने की तैयारी है। रैली की तैयारियों की समीक्षा को लेकर भाकपा (माले) बिंदुखत्ता कमेटी की बैठक दीपक बोस भवन में आयोजित हुई, जिसमें आंदोलन की रणनीति और जनभागीदारी पर चर्चा की गई।
बैठक में भाकपा (माले) के नैनीताल जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार पिछले दस वर्षों से बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है। इससे क्षेत्र में भारी जनआक्रोश है। उन्होंने कहा कि सरकार को निर्वनीकरण की प्रक्रिया अपनाते हुए वन भूमि को राजस्व भूमि में हस्तांतरित करने की पहल करनी चाहिए, तभी राजस्व गांव का रास्ता साफ होगा।
अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर बिंदुखत्ता समेत वन भूमि पर बसी प्रदेश की संपूर्ण आबादी को मालिकाना अधिकार देने और राजस्व गांव बनाने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले यह प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो जनता आगामी चुनाव में भाजपा को जवाब देने के लिए तैयार है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 नवंबर को देहरादून में होने वाली रैली में भाकपा (माले) और किसान महासभा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसके लिए जनसहयोग से बसों की व्यवस्था की गई है, जो 14 नवंबर की रात आठ बजे कार रोड चौराहे से रवाना होंगी। आयोजकों ने समस्त बिंदुखत्ता वासियों से अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर आंदोलन को मजबूती देने की अपील की है।
बैठक में डॉ. कैलाश पाण्डेय, आनंद सिंह नेगी, पुष्कर दुबड़िया, विमला रौथाण, आनंद सिंह सिजवाली, किशन सिंह बघरी, नैन सिंह कोरंगा, धीरज कुमार, निर्मला शाही, हरीश भंडारी, कमलापति जोशी, त्रिलोक राम, अंबा दत्त बसखेती और आनंद दानू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



