हरिद्वार। उत्तराखंड में वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हरिद्वार की लालढांग रेंज के सरकारी स्टोर से पांच हाथी दांत रहस्यमय परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आने के बाद वन महकमे में हड़कंप मच गया है। विभागीय जांच में लापरवाही उजागर होने पर शासन-प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद को निलंबित कर दिया है। सीसीएफ एचआरडी पीके पात्रो ने दोनों अधिकारियों के निलंबन की पुष्टि की है।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लालढांग रेंज के स्टोर में हाथियों के करीब 15 दांत रखे होने का रिकॉर्ड दर्ज था, लेकिन जब विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया तो स्टोर में केवल 10 दांत ही मिले। बाकी पांच दांत आखिर कहां गए, इसका कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया। सरकारी रिकॉर्ड और वास्तविक स्थिति में इतना बड़ा अंतर मिलने से विभागीय व्यवस्था की पोल खुल गई।
हाथी दांतों के गायब होने की जानकारी मिलते ही वन विभाग में खलबली मच गई। आनन-फानन में पूरे प्रकरण की जांच शुरू कराई गई और इस संबंध में यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई। डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में गठित जांच समिति ने रिकॉर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की। जांच में रेंजर, प्रभारी रेंजर के साथ फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही भी सामने आई।
जांच रिपोर्ट में स्टोर में रखे हाथी दांतों के रिकॉर्ड तैयार करने, उनकी सुरक्षा और उचित रखरखाव में गंभीर चूक पाए जाने के बाद विभाग ने रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई को विभागीय जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
हाथी दांत वन्यजीव अपराधों की जांच में बेहद महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जाते हैं। ऐसे संवेदनशील साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी वन विभाग की होती है। इसके बावजूद विभाग के अपने ही स्टोर से पांच हाथी दांत गायब हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। सवाल यह भी है कि स्टोर की नियमित निगरानी कैसे होती रही और रिकॉर्ड में दर्ज दांतों का भौतिक सत्यापन समय-समय पर क्यों नहीं किया गया?
एफआईआर दर्ज, लेकिन हाथी दांतों का सुराग नहीं!
इस पूरे प्रकरण में सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि मामला सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज हुई, विभागीय जांच भी कराई गई और दो अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई भी हो गई, लेकिन गायब पांच हाथी दांतों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। इन दांतों का कुल वजन कितना था, यह जानकारी भी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अब पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वन विभाग के सुरक्षित स्टोर से पांच हाथी दांत कैसे गायब हुए? क्या यह केवल लापरवाही का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है? निलंबन की कार्रवाई के बाद अब विभाग के सामने गायब हाथी दांतों का पता लगाने और पूरे प्रकरण की जिम्मेदारी तय करने की बड़ी चुनौती है।



