उत्तराखंड के पांच जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, ऊंचाई वाले इलाकों में अलर्ट जैसे हालात
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बदलेगा मौसम, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो सकती है बर्फबारी
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के पांच जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, इन जिलों के 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में बादल छाए हुए हैं। केदारघाटी में भी मौसम खराब बना हुआ है। मौसम में आए बदलाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
खराब मौसम का असर सामरिक गतिविधियों पर भी देखने को मिला। बताया जा रहा है कि मौसम प्रतिकूल होने के कारण शुक्रवार को उत्तरकाशी में एलएसी के समीप स्थित हवाई पट्टी पर वायुसेना को सैन्य अभ्यास करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कल भी बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों के 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में आवाजाही करने वाले लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की जरूरत है।



