रुद्रपुर जिला अस्पताल हत्याकांड पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी विकास कुमार समेत तीन गिरफ्तार, जगतपुरा के दो टेलीकॉम संचालकों के बीच विवाद ने लिया था खूनी रूप, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी -खबर बॉक्स में

Spread the love

 जिला अस्पताल हत्याकांड पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में मुख्य आरोपी विकास कुमार समेत तीन गिरफ्तार, जगतपुरा के दो टेलीकॉम संचालकों के बीच विवाद ने लिया था खूनी रूप, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी

 

रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में मोबाइल शॉप संचालक नितेश उर्फ राज जौहरी की हत्या के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। घटना के महज 12 घंटे के भीतर हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। वहीं, हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

 

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी रंजिश के चलते दोनों पक्ष जिला चिकित्सालय परिसर में एक बार फिर आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई मारपीट में मोबाइल शॉप संचालक नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल नितेश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को सख्त निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। साथ ही घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए गए।

 

पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार, तीनों निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर के रूप में हुई है।

 

पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की विशेष टीमें गठित की गई हैं। टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर हत्याकांड से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement