उत्तराखंड ड्यूटी पर खड़ी पुलिस की डायल 112 गाड़ी को ट्रक ने पीछे से रौंदा, SSI समेत चार जवान घायल, एक की हालत गंभीर

Spread the love

उत्तराखंड ड्यूटी पर खड़ी पुलिस की डायल 112 गाड़ी को ट्रक ने पीछे से रौंदा, SSI समेत चार जवान घायल, एक की हालत गंभीर

 

लक्सर (हरिद्वार)। हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बालावाली तिराहे पर ड्यूटी के दौरान सड़क किनारे खड़ी उत्तराखंड पुलिस की डायल 112 (स्कॉर्पियो) गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सीनियर सब-इंस्पेक्टर (SSI) समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। SSI राजेश बिष्ट की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, तीन अन्य पुलिसकर्मियों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

 

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10:30 बजे बालावाली तिराहे पर पुलिस की डायल 112 स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पुरकाजी से लक्सर होते हुए रायसी की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने पुलिस वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए।

 

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

 

दुर्घटना में डायल 112 वाहन में तैनात SSI राजेश बिष्ट, प्रदीप धीमान, कपिल गोला और मनोज मिनान घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पुलिसकर्मियों को संभाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। SSI राजेश बिष्ट की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य तीन जवानों का लक्सर के एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

 

ट्रक कब्जे में, दो लोग हिरासत में

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कौशियारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement