उत्तराखंड पर्वतीय मार्ग सड़क पर मौत का तांडव! देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी कार, चलती कार में अचानक भड़की आग, छह सवारों ने सूझबूझ से बचाई जान

Spread the love

 

 

 रानीखेत मार्ग पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे हुए इस हादसे में कार सवार छह लोगों की जान बाल-बाल बच गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और धू-धूकर जलने लगी। गनीमत रही कि कार में सवार सभी छह लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

 

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल निवासी छह लोग कार संख्या HR 05BJ 7012 से रानीखेत की ओर जा रहे थे। देर रात चाइना व्यू से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंचते ही अचानक कार में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कार से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने सड़क पर गुजर रहे लोगों को भी सकते में डाल दिया।

 

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सभी छह सवार तत्काल कार से बाहर निकल आए। इसके बाद उन्होंने आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही रानीखेत अग्निशमन केंद्र की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

 

प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणेश चंद्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया था। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग बुझाई। अभियान में अग्निशमन कर्मी नरेश जोशी, संदीप सिंह, महिपाल सिंह और रमेश सिंह शामिल रहे। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

 

चलती कार के अचानक आग का गोला बनने से बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन सभी छह लोगों की सूझबूझ और समय रहते वाहन से बाहर निकलने के कारण उनकी जान बच गई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement