लालकुआं। स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में नगर पंचायत लालकुआं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान (एनआईयूए) की पहल ‘अर्बन लर्नाथॉन 2.0’ में नगर पंचायत लालकुआं को ‘अदर यूएलबी’ श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है। नगर पंचायत को यह प्रतिष्ठित सम्मान उसके अभिनव प्रोजेक्ट ‘कम्प्लीट वेस्ट मैनेजमेंट थ्रू एसएचजी’ के लिए प्रदान किया गया है।
मंगलवार को देहरादून में आयोजित ‘पर्वत मंथन कॉन्क्लेव’ के दौरान हुए भव्य सम्मान समारोह में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नगर पंचायत लालकुआं को विजेता प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों में खुशी की लहर है।
सम्मान समारोह में उत्तराखंड शासन के सचिव शहरी विकास नितेश झा, अपर सचिव एवं निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी, भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की संयुक्त सचिव नमिता प्रसाद, राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान की निदेशक डॉ. देवोलिना कुंडू तथा अर्बन एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन काउंसिल के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री पुनीत मित्तल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में हिमालयी राज्यों के प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान सतत शहरी विकास, स्वच्छता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण और नगरीय सेवाओं को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
गुलमोहर’ समूह बना राष्ट्रीय उपलब्धि की मजबूत कड़ी
नगर पंचायत लालकुआं की इस शानदार उपलब्धि के पीछे जून 2025 में गठित ‘गुलमोहर’ स्वयं सहायता समूह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नगर पंचायत की ओर से गठित इस पुरुष स्वयं सहायता समूह के माध्यम से नगर में घर-घर जाकर कूड़ा संग्रहण और अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य संचालित किया जा रहा है। इस पहल ने जहां नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया, वहीं स्थानीय लोगों को आजीविका से जोड़ने का भी काम किया है।
समूह के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से नियमित कूड़ा संग्रहण और प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था विकसित की गई। सामुदायिक सहभागिता और स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए इस मॉडल ने स्वच्छता अभियान को नई दिशा दी। इसी अभिनव पहल और उसके सफल क्रियान्वयन ने नगर पंचायत लालकुआं को राष्ट्रीय स्तर पर विजेता का गौरव दिलाया।
केंद्रीय मंत्री के हाथों मिला सम्मान
इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह में नगर पंचायत लालकुआं की ओर से अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बीसी भट्ट, वार्ड सभासद भुवन पांडे तथा सभासद धन सिंह बिष्ट ने प्रतिभाग किया। सभी ने नगर पंचायत की ओर से विजेता प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्राप्त की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, गुलमोहर स्वयं सहायता समूह के सदस्यों और समस्त नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत भविष्य में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए नगर के विकास के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
उत्तराखंड के अन्य निकायों के लिए बना प्रेरणादायी मॉडल
नगर पंचायत लालकुआं की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। इस पहल ने साबित कर दिया है कि स्थानीय संसाधनों, सामुदायिक सहभागिता और नवाचार के माध्यम से स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जा सकती है। ‘गुलमोहर’ स्वयं सहायता समूह का यह मॉडल प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान ने लालकुआं को स्वच्छता और जनभागीदारी के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाई है।



