लालकुआ/ हल्द्वानी गौला में खनन का काउंटडाउन शुरू! सप्ताह के भीतर खुल सकते हैं गेट, वन विभाग ने तेज की तैयारियां ,वाहनों की आवाजाही! खनन शुरू होने की उलटी गिनती शुरू

Spread the love

 

 

 

 

हल्द्वानी। गौला नदी में खनन कारोबार शुरू होने की उम्मीद अब तेज हो गई है। खनन सत्र का इंतजार कर रहे हजारों वाहन स्वामियों, वाहन चालकों और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर है। वन विभाग ने खनन संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। नदी क्षेत्र में सीमांकन का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है, वहीं खनन निकासी स्थलों तक पहुंचने के लिए रास्ते भी तैयार हो चुके हैं। अब विभाग का पूरा ध्यान गेट खोलने की प्रक्रिया पर केंद्रित है।

 

तराई पूर्वी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) आईएफएस राहुल मिश्रा ने बताया कि गौला नदी में खनन की तैयारियों के तहत सीमांकन कराया गया था, जिसका कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके अलावा खनन क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही के लिए जरूरी रास्तों को भी तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब गेट खोलने की औपचारिकता शेष है, जिसे पूरा करने के लिए संबंधित निगम के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की जा रही है।

 

डीएफओ के अनुसार, विभागीय स्तर पर सभी जरूरी व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि आगामी दो से तीन दिनों के भीतर खनन शुरू करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ा दी जाएगी।

 

गौला नदी में खनन शुरू होने की सुगबुगाहट से खनन कारोबार से जुड़े लोगों में उत्साह है। खनन गतिविधियां शुरू होने से  हजारों वाहन स्वामियों और चालकों को काम मिलने की उम्मीद है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी रफ्तार मिलेगी। फिलहाल सभी की निगाहें वन विभाग की अगली कार्रवाई और गौला के गेट खुलने पर टिकी हैं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement