प्रेमनगर के जामुनवाला में सड़क किनारे मिला शव, शरीर पर चोट के निशान; युवती की शिनाख्त में जुटी पुलिस
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला में सड़क किनारे सीमेंट के बोरे में बंद एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में सीमेंट का बोरा पड़ा देखकर प्रत्यक्षदर्शियों को शक हुआ। जब मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।
पुलिस ने बोरे से युवती का शव बरामद कर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। शुरुआती जांच में युवती के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या करने के बाद शव को सीमेंट के बोरे में बंद कर सुनसान स्थान पर फेंका गया होगा। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
अब तक नहीं हो पाई युवती की पहचान
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि अभी तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर युवती की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को वहां कौन और कब फेंककर गया।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है। इस सनसनीखेज घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।



