हल्द्वानी सुप्रीम कोर्ट में फिर टली बहुचर्चित बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले की सुनवाई, हजारों परिवारों की बढ़ी बेचैनी, अब इस दिन होगी सुनवाई

Spread the love

 

 

3500 भवनों और 5236 परिवारों का भविष्य दांव पर, अब गुरुवार की संभावित सुनवाई पर टिकी निगाहें

 

हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में बुधवार को एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत की सुनवाई सूची में मामला क्रम संख्या 118 पर दर्ज था, लेकिन न्यायालय में कार्यवाही में देरी के चलते मामले की सुनवाई नहीं हो पाई। ऐसे में लंबे समय से अदालत के फैसले का इंतजार कर रहे हजारों परिवारों को एक बार फिर निराशा हाथ लगी। अब प्रभावित परिवारों की उम्मीदें गुरुवार को होने वाली संभावित सुनवाई पर टिकी हैं।

 

गौरतलब है कि वर्ष 2023 से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन इस बहुचर्चित मामले पर हल्द्वानी ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की निगाहें लगी हुई हैं। बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद से करीब 3500 भवन और 5236 परिवार प्रभावित बताए जा रहे हैं। अनुमान के मुताबिक लगभग 27 हजार लोगों का भविष्य इस मामले में आने वाले फैसले से जुड़ा हुआ है। यही वजह है कि सुप्रीम कोर्ट में होने वाली प्रत्येक सुनवाई को प्रभावित परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

सुनवाई टलने से बढ़ी परिवारों की चिंता

 

बुधवार को सुनवाई नहीं होने से प्रभावित परिवारों की बेचैनी एक बार फिर बढ़ गई है। लंबे समय से इस मामले में निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को उम्मीद थी कि बुधवार को अदालत में सुनवाई आगे बढ़ेगी, लेकिन कार्यवाही में देरी के चलते उन्हें फिर इंतजार करना पड़ा।

 

वहीं, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी बनभूलपुरा क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए हैं। अब गुरुवार को होने वाली संभावित न्यायिक कार्यवाही पर हजारों प्रभावित परिवारों के साथ ही पूरे शहर की निगाहें टिकी हुई हैं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement