लालकुआ 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के संघों में वर्ष 2025-26 के लिए हासिल किया पहला स्थान, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अध्यक्ष मुकेश बोरा को प्रदान किया पुरस्कार

Spread the love

 लालकुआं दुग्ध संघ ने रचा सफलता का नया कीर्तिमान, उत्तराखंड में मिला सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का सम्मान

 

लालकुआ 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के संघों में वर्ष 2025-26 के लिए हासिल किया पहला स्थान, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अध्यक्ष मुकेश बोरा को प्रदान किया पुरस्कार

 

लालकुआं। दुग्ध उत्पादन एवं सहकारिता के क्षेत्र में नैनीताल जनपद के लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बेहतर कार्यप्रणाली, दुग्ध उपार्जन संबंधी गतिविधियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर लालकुआं दुग्ध संघ को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित किया गया है। इस उपलब्धि से लालकुआं सहित पूरे नैनीताल जनपद के दुग्ध उत्पादकों और सहकारिता क्षेत्र में खुशी की लहर है।

 

उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के दुग्ध संघों की श्रेणी में वित्तीय वर्ष 2025-26 की दुग्ध उपार्जन संबंधी गतिविधियों के आधार पर लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड को प्रथम स्थान प्रदान किया गया है।

 

03 अक्टूबर 2026 को शक्तिफार्म, ऊधमसिंह नगर में आयोजित पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले में प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। प्रमाण-पत्र पर उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी तथा उप महाप्रबंधक पीएस नागपाल के हस्ताक्षर हैं।

 

इस सम्मान को लालकुआं दुग्ध संघ की कार्यक्षमता, प्रबंधन और दुग्ध उत्पादकों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों पशुपालकों, दुग्ध समितियों और सहकारी व्यवस्था से जुड़े लोगों के सामूहिक प्रयासों ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है।

 

 पुरस्कार ने बढ़ाया गौरव, अब पशुपालकों की सुविधाओं पर रहेंगी निगाहें!

 

प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का सम्मान मिलना निश्चित रूप से लालकुआं दुग्ध संघ के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस सम्मान के साथ ही पशुपालकों की उम्मीदें भी बढ़ी हैं। अब दुग्ध उत्पादकों को बेहतर भुगतान, पशु चिकित्सा सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण पशु आहार और दुग्ध संग्रहण व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में संघ से नई अपेक्षाएं रहेंगी।

 

फिलहाल लालकुआं दुग्ध संघ के खाते में दर्ज यह उपलब्धि तराई-भाबर के पशुपालकों के लिए गर्व का विषय बन गई है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement