भोला की जगह लेगा सफेद बाघ, 556 किलोमीटर का सफर तय कर ग्वालियर से पहुंचा देहरादून; 10:15 बजे खुलेगा पर्यटकों के लिए बाड़ा
देहरादून। उत्तराखंड के वन्यजीव पर्यटन को आज एक नया आकर्षण मिलने जा रहा है। देहरादून स्थित मालसी के दून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ को गुरुवार से पर्यटकों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे बाघ के नवनिर्मित विशेष बाड़े का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल और मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी उपस्थित रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 10:15 से 10:25 बजे के बीच तेजस को पर्यटकों के अवलोकन के लिए खोला जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री बाड़े का निरीक्षण करेंगे। कार्यक्रम के साथ जन-वन आयोजन भी प्रस्तावित है। सफेद बाघ की मौजूदगी से दून चिड़ियाघर में पर्यटकों को वन्यजीवों की दुनिया का एक अनूठा अनुभव मिलने वाला है।
करीब ढाई वर्ष का तेजस अपनी नीली आंखों, दूधिया सफेद शरीर और काली धारियों के चलते बेहद आकर्षक दिखाई देता है। अभी तक उत्तराखंड के लोगों को सफेद बाघ देखने के लिए दूसरे राज्यों के चिड़ियाघरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब दून जू में ही इसका दीदार संभव होगा।
ग्वालियर से विशेष वाहन में पहुंचा देहरादून
तेजस को 28 सितंबर को मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलॉजिकल पार्क से देहरादून लाया गया था। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की अनुमति से वन्यजीव आदान-प्रदान योजना के तहत यह व्यवस्था हुई। इसके बदले दून चिड़ियाघर के करीब पांच वर्षीय रॉयल बंगाल टाइगर भोला को ग्वालियर भेजा गया।
विशेष रेस्क्यू वाहन से तेजस ने लगभग 556 किलोमीटर की दूरी तय की। उसके साथ पशु चिकित्सकों और वन विभाग के अधिकारियों समेत 13 सदस्यीय टीम थी। करीब 12 से 14 घंटे की यात्रा के दौरान उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा गया।
क्वारंटाइन के बाद अब सार्वजनिक प्रदर्शन
देहरादून पहुंचने के बाद तेजस को सीधे पर्यटकों के सामने लाने के बजाय क्वारंटाइन में रखा गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने उसके स्वास्थ्य, खानपान और नए वातावरण में व्यवहार पर लगातार नजर रखी। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने और स्वास्थ्य सामान्य पाए जाने के बाद अब उसे पर्यटकों के सामने लाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
आनुवंशिक बदलाव से मिलता है सफेद रंग
सफेद बाघ कोई अलग प्रजाति नहीं, बल्कि बंगाल टाइगर का दुर्लभ रंग रूप है। आनुवंशिक बदलाव के कारण उसके शरीर का रंग सफेद होता है। शरीर पर काली अथवा गहरे भूरे रंग की धारियां और नीली आंखें इसकी विशेष पहचान हैं।
दून जू की नई पहचान बनेगा तेजस
अब तक दून चिड़ियाघर में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा रॉयल बंगाल टाइगर भोला ग्वालियर भेजा जा चुका है। उसकी जगह तेजस ने ली है। वन्यजीवों के आदान-प्रदान का उद्देश्य चिड़ियाघरों में प्रजातीय विविधता बढ़ाने के साथ बेहतर प्रबंधन को प्रोत्साहित करना है। उम्मीद है कि सफेद बाघ की मौजूदगी से दून चिड़ियाघर की लोकप्रियता बढ़ेगी और देहरादून आने वाले पर्यटकों के लिए यह एक नया खास आकर्षण साबित होगा।



