हल्दूचौड़ में गूंजा कुमाऊं की वीरता का जयघोष, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का हुआ भव्य सम्मान
कुमाऊं दिवस एवं पैदल सेना दिवस पर शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को किया नमन, पांच राष्ट्रपतियों से सम्मानित ऑनरेरी कैप्टन राजेंद्र जलाल को विशेष सम्मान , कार्यक्रम के संयोजक नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी द्वारा भव्य समारोह
हल्दूचौड़। कुमाऊं की वीरभूमि के गौरवशाली इतिहास, भारतीय सेना के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को समर्पित कुमाऊं दिवस एवं पैदल सेना दिवस समारोह मंगलवार को हल्दूचौड़ स्थित माँ वैष्णो बैंक्वेट हॉल में धूमधाम से मनाया गया। पूर्व सैनिकों की ओर से आयोजित इस भव्य समारोह में देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों के शौर्य को नमन किया गया, वहीं वीर नारियों के त्याग, तपस्या और समर्पण को सम्मानपूर्वक याद किया गया। समारोह में देशभक्ति, सैनिक गौरव और आपसी एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल इंदर सिंह बोरा रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष लालकुआं सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की।
समारोह में कैप्टन मदन सिंह राठौड़, कैप्टन पुष्कर सिंह भंडारी सहित अनेक सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद कुमाऊं रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास, सैनिकों की वीरता और देश की सीमाओं की रक्षा में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला गया।
वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को किया नमन
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कुमाऊं की धरती ने देश को ऐसे वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने प्राणों तक का बलिदान दिया। भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा केवल शौर्य की गाथा नहीं, बल्कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। कुमाऊं रेजिमेंट के वीर जवानों ने अपने पराक्रम से देश का गौरव बढ़ाया है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया है।
वक्ताओं ने कहा कि सैनिकों का योगदान केवल युद्ध के मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि आपदा और संकट की घड़ी में भी सेना के जवान देशवासियों की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और सामाजिक एकता का संदेश मिलता है।
वीर नारियों के त्याग को किया सलाम
समारोह का महत्वपूर्ण पक्ष पूर्व सैनिकों के साथ वीर नारियों का सम्मान रहा। वीर नारियों के त्याग, धैर्य और अदम्य साहस को नमन करते हुए कहा गया कि सैनिकों के पीछे उनके परिवारों का भी बड़ा योगदान होता है। देश की रक्षा में जुटे सैनिकों के परिवार अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए राष्ट्रसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हैं। वीर नारियों का सम्मान करना उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ समाज में उनके गौरवपूर्ण स्थान को स्वीकार करना भी है।
पांच राष्ट्रपतियों से सम्मानित राजेंद्र जलाल को विशेष सम्मान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेजर जनरल इंदर सिंह बोरा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष लालकुआं सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की।
कुमाऊं डे के उपलक्ष पर 16 कुमाऊं के ऑनरेरी कैप्टन राजेंद्र जलाल को पांच राष्ट्रपतियों से सम्मान प्राप्त होने के उपलक्ष्य में विशेष रूप से सुरेन्द्र सिंह लोटनी ने सम्मानित किया । इस अवसर को सैनिक समुदाय के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके सैन्य योगदान और उपलब्धियों को सम्मान दिया गया।
समारोह में पूर्व सैनिकों ने आपसी भाईचारे, संगठनात्मक एकता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संकल्प भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव, अनुशासन तथा सेवाभाव का लाभ समाज और युवा पीढ़ी को मिलना चाहिए।
पूर्व सैनिकों की रही उल्लेखनीय सहभागिता
समारोह में मेजर कुंवर सिंह, सूबेदार कुंवर सिंह, कैप्टन कविंद्र सिंह, सूबेदार राम सिंह, कैप्टन कृपाल सिंह, हवलदार प्रकाश चंद, कैप्टन खिलाफ सिंह धुन, कैप्टन प्रकाश चंद्र, एसएम हवलदार शेखर उप्रेती, एसएम कैप्टन हरिकिशन, कैप्टन धर्म सिंह रमोला, हवलदार नंदन राणा, नायक गोपाल नेगी, नायक भुवन भट्ट तथा नायक हरीश डसीला सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
रामनगर से गौरव सम्मानित सैनिक आनंद सिंह काराकोटी, अध्यक्ष कुशाल सिंह रावत एवं योगेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सैनिकों का सम्मान केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के लिए निरंतर कृतज्ञता व्यक्त करने का संकल्प है। कुमाऊं दिवस एवं पैदल सेना दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने वीरभूमि की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने और देश की एकता, अखंडता एवं सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।
जय हिंद! जय कुमाऊं!



