(बड़ी खबर) लालकुआं में चोरों का दुस्साहस! परिवार घर में सोता रहा, चोर उड़ा ले गए लाखों के जेवरात ,मचा हड़कंप

Spread the love

 

 

सुभाष नगर में बड़ी चोरी से मचा हड़कंप, 22 तोला सोना और 4 तोला चांदी के आभूषण गायब; कमरों की कुंडियां बाहर से लगाकर वारदात को दिया अंजाम , लगभग  35 लाख रूपये की चोरी आकी जा रही है ।

 

लालकुआं। नगर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुभाष नगर के समीप दवाई फार्म निवासी गोधन सिंह बिष्ट के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरों ने इतनी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया कि परिवार के सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगी। घर के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर चोर आराम से कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।

 

परिजनों के मुताबिक, वारदात बीती रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच हुई। गोधन सिंह बिष्ट की पत्नी और उनकी तीन बहुओं के आभूषण एक ही कमरे में रखे हुए थे। चोरों ने घर में प्रवेश करने के बाद सबसे पहले परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर दीं। इसके बाद उस कमरे का ताला तोड़ दिया, जिसमें जेवर रखे हुए थे। चोरों ने किसी धारदार औजार की मदद से ताला तोड़कर अंदर रखे बॉक्स भी खंगाल डाले।

 

गोधन सिंह बिष्ट ने बताया कि रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने फोन कर अपने कमरों के दरवाजे बाहर से बंद होने की जानकारी दी। इसके बाद वह ऊपर पहुंचे और कमरों की कुंडियां खोलीं। इसी दौरान उन्हें घर में अनहोनी की आशंका हुई। जांच करने पर जेवर रखने वाले कमरे के ताले टूटे मिले और बॉक्स में रखे आभूषण गायब थे।

 

सोने के साथ चांदी के जेवर भी साफ

 

चोरी हुए आभूषणों में झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की चार पायल, तीन लोगों के कंगन, दो बिछुए और एक अंगूठी भी चोर ले गए। परिवार के मुताबिक करीब 22 तोला सोना और 4 तोला चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं।

 

एक सप्ताह पहले भी घर में घुसने का प्रयास

 

चोरी की इस घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि सुभाष नगर निवासी धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में भी करीब एक सप्ताह पहले चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया था। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के चलते चोर अपने इरादों में सफल नहीं हो सके। लगातार सामने आ रही घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही चोरी का खुलासा करने के प्रयास में जुटी है।

 

क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त प्रभावी बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement