हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 11 महीने की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोप है कि बच्ची के पिता के साथ फैक्टरी में काम करने वाला एक व्यक्ति रविवार रात घर में घुस आया और इस जघन्य वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार हरिद्वार शहर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती में रहता है। बच्ची के पिता एक फैक्टरी में काम करते हैं। आरोप है कि रविवार रात पिता का सहकर्मी घर में घुस आया और 11 महीने की मासूम के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन
घटना के बाद मासूम की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन घबरा गए और उसे तत्काल हरिद्वार के महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची का एम्स में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।
मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मासूम के साथ हुई इस घटना ने समाज की सुरक्षा व्यवस्था और मासूम बच्चों की हिफाजत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर किसी की निगाह अब पुलिस कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी है।



