लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने आंचल ब्रांड के दूध एवं दुग्ध उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। नई दरें कल यानी 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी। मूल्य सूची के अनुसार आंचल के विभिन्न प्रकार के दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि पनीर, क्रीम सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि संशोधित मूल्य सूची के तहत विभिन्न उत्पादों की कीमतों में दो रुपये से लेकर 50 रुपये तक का इजाफा किया गया है। इसमें सबसे अधिक बढ़ोतरी आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक पर हुई है। इसकी कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये निर्धारित की गई है।
नई दरों के अनुसार आंचल गाय का दूध अब 58 रुपये के स्थान पर 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 63 रुपये तथा डबल टोंड मिल्क की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
इसके अलावा आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये और आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये कर दी गई है। वहीं आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर 2026 को अमूल, मदर डेयरी सहित अन्य दुग्ध कंपनियों ने भी दूध एवं दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब आंचल दुग्ध संघ की ओर से नई मूल्य सूची जारी किए जाने के बाद उपभोक्ताओं को भी कल से बढ़ी हुई कीमतें चुकानी होंगी।
सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि मूल्य संशोधन के संबंध में नई सूची जारी कर दी गई है। 20 नवंबर 2026 से सभी संबंधित उत्पाद नई निर्धारित दरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।



