गोल्ड लोन की रकम पर शातिरों ने किया हाथ साफ, बैंक कर्मचारी बनकर दिया वारदात को अंजाम; सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
लालकुआं। नगर में एटीएम से नकदी निकालने पहुंची एक युवती को मदद का भरोसा दिलाकर दो शातिर युवकों ने ठगी का शिकार बना लिया। आरोपियों ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर युवती का एटीएम कार्ड बदल दिया और कुछ ही देर में उसके बैंक खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये निकाल लिए। स्वरोजगार शुरू करने के लिए गोल्ड लोन लेने वाली युवती के साथ हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तिवारी नगर के वार्ड नंबर छह निवासी मेंहजबीं शनिवार सुबह करीब 11 बजे भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में रुपये निकालने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि एटीएम में तकनीकी खराबी के कारण कई प्रयासों के बाद भी नकदी नहीं निकल सकी। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उसकी सहायता करने की बात कही। युवक की बातों में आकर युवती ने अपना एटीएम कार्ड उसे सौंप दिया।
आरोप है कि इसी दौरान युवक ने बेहद शातिराना तरीके से उसका असली एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा दिया। कुछ देर तक मदद करने का नाटक करने के बाद वह अपने साथी के साथ मौके से निकल गया। युवती को इस धोखाधड़ी की भनक तक नहीं लगी।
कुछ ही देर बाद मोबाइल पर बैंक खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश पहुंचा तो युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने तत्काल भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के साथ लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी।
पीड़िता मेंहजबीं ने बताया कि उसने अपना स्वरोजगार शुरू करने के उद्देश्य से बैंक से 1 लाख 80 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया था। इसी ऋण की रकम में से कुछ पैसे निकालने के लिए वह एटीएम पहुंची थी। लेकिन वहां पहले से मौजूद ठगों ने मदद के नाम पर उसे अपने जाल में फंसा लिया और खाते से बड़ी रकम उड़ा दी। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर ठगी गई धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू
इधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



