लालकुआ मुख्यमंत्री धामी कल पहुंचेंगे बिंदुखत्ता, लोकयात सांस्कृतिक महोत्सव में करेंगे प्रतिभाग, विकास योजनाओं पर भी रहेगी नजर , देखे शैड्यूल पहुंचने का वक्त

Spread the love

 

 

लालकुआं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार, 23 नवंबर को नैनीताल जिले के लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के बिंदुखत्ता पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां संजय नगर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान में आयोजित होने वाले ‘लोकयात सांस्कृतिक महोत्सव’ में प्रतिभाग करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज होने लगी हैं। उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:25 बजे देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से कार द्वारा प्रस्थान करेंगे। इसके बाद जीटीसी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर पहुंचेंगे। यहां वह नगर निगम की ओर से आयोजित बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।

 

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:45 बजे श्रीनगर से हेलीकॉप्टर द्वारा लालकुआं के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:30 बजे उनका हेलीकॉप्टर संजय नगर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज मैदान में उतरेगा। यहां से कार द्वारा वह बिंदुखत्ता के संजय नगर-1 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर मैदान पहुंचेंगे और लोकयात सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल होंगे।

 

मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे बिंदुखत्ता से रवाना होकर 3:05 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा चम्पावत जिले के बनबसा के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां बनबसा स्टेडियम हेलीपैड पहुंचने के बाद गुदमी स्थित डेविड पेंटर स्कूल जाएंगे। यहां विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

 

गौरतलब है कि सरकार की ओर से सीमांत क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, खेल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए 6.14 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी दी गई है। वहीं, बनबसा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री शाम पांच बजे खटीमा के नगला तराई स्थित अपने निजी आवास पहुंचेंगे। यहां उनका आरक्षित एवं शासकीय कार्यों के साथ रात्रि विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित है।

 

मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और क्षेत्रीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर बिंदुखत्ता में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्यमंत्री की सहभागिता से स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। वहीं, बिंदुखत्ता क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं को लेकर भी लोगों की निगाहें मुख्यमंत्री के दौरे पर टिकी हुई हैं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement