हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार, 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय सरस मेला 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राष्ट्रीय स्तर के इस मेले में देशभर से स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों, कारीगरों और स्थानीय उत्पादकों के करीब 250 स्टाल एक ही मंच पर सजेंगे। मेले के माध्यम से विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, ग्रामीण आजीविका से जुड़े उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को 20 होमगार्ड जवानों की तैनाती के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने स्टालों की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, साफ-सफाई तथा आगंतुकों के बैठने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और उद्यमियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही मेले में पहुंचने वाले लोगों के लिए सुगम आवागमन, पर्याप्त पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने मेले को आकर्षक, व्यवस्थित और भव्य स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें प्रतिभाग कर सकें।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, जिला कृषि अधिकारी संतोषी, जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



