रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में कुल 1270 परीक्षा केंद्र निर्धारित कर दिए हैं। इन केंद्रों पर 2 लाख 8 हजार 424 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। वर्ष 2026 की तुलना में इस बार प्रदेश में 9 परीक्षा केंद्र अधिक बनाए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय उत्तराखंड के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को अंतिम रूप दिया गया। बैठक की अध्यक्षता सभापति एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय प्रसाद सेमवाल ने की।
परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने बताया कि वर्ष 2027 की परिषदीय परीक्षाओं के लिए निर्धारित 1270 केंद्रों में 49 एकल तथा 1221 मिश्रित परीक्षा केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल के 1,09,282 और इंटरमीडिएट के 99,142 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
टिहरी में सबसे अधिक, चम्पावत में सबसे कम केंद्र
जनपदवार आंकड़ों के अनुसार टिहरी जिले में सर्वाधिक 136 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जबकि चम्पावत में सबसे कम 45 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों की संख्या के लिहाज से हरिद्वार जिला सबसे आगे है, जहां 48,320 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं चम्पावत में सबसे कम 3,277 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे।
146 संवेदनशील और 5 अतिसंवेदनशील केंद्र चिह्नित
परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेशभर में 146 संवेदनशील और 5 अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली के अंतर्गत 15 नए परीक्षा केंद्रों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
बैठक में परिषद सचिव ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक भौतिक संसाधनों, व्यवस्थाओं और गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा का भली-भांति परीक्षण कर लिया जाए। साथ ही इसकी रिपोर्ट परिषद कार्यालय को भेजी जाए। उन्होंने बताया कि निर्धारित परीक्षा केंद्रों की सूची जल्द ही सभी जनपदों को उपलब्ध करा दी जाएगी।
बैठक में अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल, अपर निदेशक, संरक्षक, मुख्य शिक्षा अधिकारी उत्तराखंड सहित परिषद कार्यालय से संयुक्त सचिव चतुर्भुज अवस्थी, प्रधान सहायक भूपेन्द्र सिंह, त्रिभुवन सिंह आदि मौजूद रहे।



