पिता पंकज कुमार की मांग—सिर्फ जंगलों में तलाश और सीसीटीवी फुटेज तक सीमित न रहे जांच, मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने और दोस्तों से पूछताछ करने की उठाई मांग
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के नयना पीक (चाइना पीक) क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए गया बिहार निवासी 19 वर्षीय छात्र अर्नव आठ दिन बीतने के बाद भी लापता है। बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके पिता पंकज कुमार नैनीताल पहुंचे और पुलिस एवं प्रशासन की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने की मांग की है।
पंकज कुमार का कहना है कि आठ दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि तलाश केवल जंगल, पहाड़ी क्षेत्रों और सीसीटीवी फुटेज तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि मामले की दो-तीन अलग-अलग पहलुओं से भी जांच की जानी चाहिए। पुलिस को अर्नव के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगालनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी। इसके साथ ही उसके साथ गए दोस्तों से भी विस्तार से पूछताछ की जानी चाहिए।
बिहार के मुंगेर निवासी अर्नव ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में बीटेक (एआई एवं डेटा साइंस) प्रथम वर्ष का छात्र है। जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को वह अपने तीन दोस्तों के साथ नयना पीक यानी चाइना पीक क्षेत्र में घूमने और ट्रैकिंग के लिए गया था। वापसी के दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
नैनीताल पहुंचे पिता ने कहा कि वह प्रशासन से केवल निष्पक्ष और प्रभावी जांच चाहते हैं। उनका कहना है कि पुलिस को हर संभावित पहलू पर काम करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी पर सीधे आरोप नहीं लगा रहे हैं। बिना किसी प्रमाण के किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है। लेकिन पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि मामले की पूरी जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाएं। जांच का परिणाम सकारात्मक हो या नकारात्मक, उन्हें सच्चाई जाननी है।
अगस्त में बेटे को कॉलेज छोड़कर गए थे पिता
पंकज कुमार ने बताया कि वह 8 अगस्त को अर्नव को कॉलेज छोड़कर गए थे और 11 अगस्त से उसकी कक्षाएं शुरू हुई थीं। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा अपनी पढ़ाई पूरी कर उज्ज्वल भविष्य बनाएगा, लेकिन अचानक उसके लापता होने से पूरा परिवार चिंता और बेचैनी में है। आठ दिन से बेटे की कोई खबर नहीं मिलने के चलते परिजन लगातार उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।



