अवैध वाहन बिक्री का मामला उजागर, विक्रेता को खरीदारों की रकम लौटाने के निर्देश , शहर की दुकानों और वाहन बिक्री केंद्रों पर भी होगी जांच

Spread the love

 बिना पंजीकरण सड़कों पर दौड़ रहे 4000 टुक-टुक की जांच के आदेश, अवैध मिले तो सीधे होंगे सीज – आयुक्त दीपक रावत

 

 हल्द्वानी शहर में बिना पंजीकरण सड़कों पर दौड़ रहे टुक-टुक वाहनों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शहर में संचालित करीब 4000 टुक-टुक के पंजीकरण की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच के दौरान बिना पंजीकरण संचालित पाए जाने वाले वाहनों को तत्काल सीज किया जाए तथा संबंधित वाहन विक्रेताओं और संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके साथ ही शहर में अवैध रूप से टुक-टुक की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों और दुकानों की भी जांच की जाएगी।

 

शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान टुक-टुक की अवैध बिक्री और पंजीकरण में आ रही दिक्कतों का मामला सामने आया। आयुक्त ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ को शहर में संचालित सभी टुक-टुक के दस्तावेजों और पंजीकरण की जांच करने के निर्देश दिए।

 

जनसुनवाई में सुरेश मौर्य ने शिकायत की कि उन्होंने जमीर अहमद से टुक-टुक खरीदा था, लेकिन संबंधित फर्म का व्यावसायिक लाइसेंस नवीनीकृत नहीं होने के कारण वाहन का पंजीकरण नहीं हो पाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि शहर में कई अन्य लोगों को भी इसी तरह टुक-टुक बेचे गए हैं। आयुक्त ने जमीर अहमद को जनसुनवाई में तलब कर पूरे मामले की जानकारी ली। पूछताछ में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा कई लोगों को टुक-टुक बेचे गए, लेकिन उनका पंजीकरण नहीं हो सका।

 

इस पर आयुक्त ने विक्रेता को खरीदारों की धनराशि वापस करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय पर धनराशि वापस नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने कहा कि बिना बिक्री लाइसेंस के व्यावसायिक रूप से वाहनों की बिक्री करना और बिना पंजीकरण उन्हें सड़कों पर संचालित करना गंभीर कानूनी मामला है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऐसे कृत्य दंडनीय हैं।

 

एआरटीओ एसके सिंह ने जनसुनवाई में बताया कि हल्द्वानी शहर में लगभग 4000 टुक-टुक संचालित हो रहे हैं। इस पर आयुक्त ने सभी वाहनों के पंजीकरण की जांच करने के साथ ही अवैध रूप से वाहन बिक्री करने वाले स्थानों और दुकानों पर भी जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

 

 आयुक्त के हस्तक्षेप पर मौके पर वापस दिलाए 25 हजार रुपये

 

नई बस्ती जीतपुर नेगी निवासी सुरेश मौर्य ने शिकायत की कि जमीर अहमद द्वारा उनके वाहन का पंजीकरण नहीं कराया गया। आयुक्त ने एआरटीओ हल्द्वानी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और विक्रेता को शिकायतकर्ता की शेष धनराशि लौटाने को कहा। आयुक्त के हस्तक्षेप पर मौके पर ही शिकायतकर्ता को 25 हजार रुपये वापस दिलाए गए।


 टुक-टुक खरीद में धोखाधड़ी पर एक सप्ताह में पंजीकरण के निर्देश

 

विठौरिया निवासी रोहित कुमार ने टुक-टुक खरीदने के दौरान धोखाधड़ी की शिकायत की। आयुक्त ने संबंधित पक्ष को एक सप्ताह के भीतर वाहन का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही एआरटीओ को मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

 

 बिना आरटीओ ट्रांसफर वाहन बेचने पर भी सख्ती

 

जनसुनवाई में वाहन का स्वामित्व आरटीओ कार्यालय में हस्तांतरित किए बिना बेचने और पुराने वाहन स्वामी के नाम पर चालान लंबित रहने का मामला भी सामने आया। आयुक्त ने कहा कि वाहन बिक्री से पहले नियमानुसार स्वामित्व हस्तांतरण अनिवार्य है। भविष्य में किसी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित वाहन स्वामी की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

 

ईसाई लामाचौड़ निवासी मनवीर सिंह के मामले में जांच के दौरान वाहन का स्वामित्व हस्तांतरित किए बिना बेचने की पुष्टि हुई। इस पर आयुक्त ने एआरटीओ हल्द्वानी को नियमानुसार 18 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

 

 जनसुनवाई में अन्य मामलों पर भी आयुक्त सख्त

 

जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना, भवन निर्माण में अवैध वसूली, प्राधिकरण में नक्शा पास कराने में देरी, जमीन पर जबरन कब्जा और अन्य शिकायतों को भी सुना। माला फतेहपुर निवासी गरिमा रावत की भूमि का अंश एवं विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर आयुक्त ने संबंधित लेखपाल को फटकार लगाई और तीन दिन के भीतर शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

 

ओखलकांडा के ग्राम बड़ौन निवासी गणेश सिंह ने घोड़े की मृत्यु के बाद बीमा राशि नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर आयुक्त ने वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी को फटकार लगाते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को विभागीय जांच के निर्देश दिए। अपर निदेशक पशुपालन विभाग कुमाऊं मंडल को भी मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

 

वर्षों से बंद घराट का होगा पुनरुद्धार

 

ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ द्वारा रामड़ी आनसिंह स्थित वर्षों से बंद पड़े पारंपरिक घराट (पनचक्की) के पुनरुद्धार की मांग पर आयुक्त ने मुख्य अभियंता सिंचाई एसके शुक्ला को शीघ्र स्टीमेट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घराट उत्तराखंड की ऐतिहासिक एवं पर्यावरण अनुकूल धरोहर है। इसके पुनः संचालन से स्थानीय लोगों को पौष्टिक आटा उपलब्ध होगा और महिला सहायता समूह को इसके संचालन की जिम्मेदारी देकर स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

इसके अलावा जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने, 42 लाख रुपये देने के बावजूद प्लॉट नहीं मिलने, भूमि पर जबरन कब्जा करने, प्राधिकरण द्वारा नक्शा पास करने में देरी और विद्युत पोल हटाने जैसी शिकायतें भी सामने आईं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई कर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Advertisement
Advertisement
Advertisement