गोविंद बल्लभ पंत जयंती पर भव्य कार्यक्रम, 60 बच्चों ने देखी नीम करौली महाराज पर आधारित फिल्म
लालकुआं। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर गोविंद बल्लभ पंत जयंती समिति लालकुआं की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंडित पंत के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित कला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में 12 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत समिति की पहल पर करीब 60 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नीम करौली महाराज के जीवन, आध्यात्मिक विचारों और उनकी ख्याति पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ दिखाई गई। बच्चों और शिक्षकों ने एक साथ सिनेमा हॉल में फिल्म का आनंद लिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी समेत उपस्थित वक्ताओं ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के निर्माण और समाज के उत्थान में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके आदर्श, विचार और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी समाज तथा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वक्ताओं ने बच्चों से पंत जी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित और समाजहित में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वहीं बच्चों को नीम करौली महाराज के जीवन, आध्यात्मिक विचारों और मानव सेवा के संदेश से परिचित कराने के उद्देश्य से फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल तथा राजकीय उच्च कन्या विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संयोजक राजकुमार सेतिया, भाजपा महामंत्री एवं सह संयोजक बॉबी सम्भल सहित समिति से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, पूर्व अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, संजीव शर्मा, धन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ ट्रांसपोर्ट व्यवसायी जगदीश राठौर, अभिषेक सिंह, पंकज सिंह, हेमंत नरूला , आशीष बिष्ट , किरण सेतिया , राजलक्ष्मी पडित, पदम चौधरी ,दिनानाथ राय अन्य लोग मौजूद रहे।
