लालकुआं आंगनबाड़ी केंद्र में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, पोषक व्यंजनों की प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान

Spread the love
आंगनबाड़ी केंद्र में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, पोषक व्यंजनों की प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान
लालकुआं। बाल विकास परियोजना विभाग, उत्तराखंड द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पोषण माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों को महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका श्रीमती सरनजीत कौर ने कहा कि पोषण माह का उद्देश्य स्तनपान करने वाले शिशुओं के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है। इसके अलावा महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
इस अवसर पर विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए पोषक तत्वों से भरपूर विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। व्यंजनों का निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की और सभी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में  सरनजीत कौर,  पूजा जोशी,  प्रभा कांडपाल,  गीता चौधरी,  तुलसी पंत,  दीपा मिश्रा,  भावना भट्ट,  ममता मिश्रा,  रमा त्रिपाठी एवं  सुमन सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।