भीमताल। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र भीमताल से तीन नाबालिग बच्चों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। घर से बाल कटवाने जाने की बात कहकर निकले तीनों बच्चे देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं लग सका। तीनों बच्चों के लापता होने से परिवार में बेचैनी का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भीमताल के मल्लीताल गोरखपुर क्षेत्र निवासी कार्तिक थापा, धैर्य थापा और आयुष थापा रविवार को घर से बाल कटवाने जाने की बात कहकर निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब तीनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
परिजनों के मुताबिक, रविवार शाम करीब चार से पांच बजे के बीच तीनों बच्चों को हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र में देखे जाने की सूचना मिली है। इस जानकारी के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। बच्चों की तलाश में जुटे परिजनों ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपकर उनकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस की टीमें हल्द्वानी, रामनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की तलाश कर रही हैं। संभावित स्थानों पर पूछताछ के साथ ही बच्चों के आने-जाने के रास्तों और अन्य संभावित सुरागों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पर्वतीय क्षेत्र से तीन नाबालिग बच्चों के एक साथ लापता होने की घटना से क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है। परिजन बच्चों की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस द्वारा उनकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



