बिन्दुखत्ता को मुख्यमंत्री की दो बड़ी सौगात, स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में बनेगा स्कूल और स्टेडियम, 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल भी बनेगा

Spread the love

 

लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन पर मुख्यमंत्री धामी ने की घोषणाएं, लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को दी श्रद्धांजलि; तीन लोक कलाकारों को किया सम्मानित

 

बिन्दुखत्ता (लालकुआं), 23 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल और स्टेडियम सहित प्रस्तावित दो-तीन विकास कार्यों को पूरा कराने की घोषणा की। साथ ही बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल सांस्कृतिक हॉल बनाने का भी ऐलान किया।

 

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिन्दुखत्ता को बधाई देते हुए कहा कि लोकथात महोत्सव हमारी लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, सामाजिक परिस्थितियों और आम लोगों की भावनाओं का जीवंत चित्रण मिलता है। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना दिखाई देती है। उनके गीतों में पहाड़ की महिलाओं का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और समाज को जागरूक करने वाली चेतना समाहित थी।

 

उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और विचार लोगों के बीच जीवित रहें। प्रहलाद दा ने अपनी लोकगायकी से यह मुकाम हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने उनके परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्रों और प्रशंसकों की सराहना करते हुए कहा कि वे उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ ही लोकसंस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने लोकथात शब्द का अर्थ समझाते हुए कहा कि लोक यानी जनता और थात यानी हमारी विरासत एवं धरोहर। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत रहती हैं। उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि यहां की लोकभाषाओं, संस्कृति और परंपराओं से भी है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। एक ओर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण भी किया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ की तर्ज पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की नीतियों और कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और भू-कानून सहित विभिन्न कदमों का जिक्र किया। साथ ही दावा किया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

 

 लालकुआं विधानसभा में विकास कार्यों का किया उल्लेख

 

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि नकायल में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। शेरनाला पर लगभग दस करोड़ रुपये की लागत से पुल तैयार किया गया है, जबकि विजयपुर-गौलापार में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि बिन्दुखत्ता में लगभग 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से बिजली व्यवस्था से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। क्षेत्र में नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनें बिछाई जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय को स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उच्चीकृत किया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला और नन्धौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं पर काम किया जा रहा है। जंगल से सटे क्षेत्रों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए सौर ऊर्जा संचालित तारबाड़ लगाने का कार्य भी तेजी से जारी है।

 

 राजस्व ग्राम की मांग पर वनाधिकार समिति से चर्चा

 

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की महत्वपूर्ण अपेक्षा है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वनाधिकार समिति बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ भी इस विषय पर विस्तार से चर्चा की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाएं शुरू करना नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार समस्याओं को टालने के बजाय उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि लालकुआं विधानसभा सहित प्रदेश का कोई भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा और उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

लोक कलाकारों को किया सम्मानित

 

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement