सोना-चांदी के दामों में भारी गिरावट, पीएम मोदी की अपील- जरूरत न हो तो सोना न खरीदें , पांच दिनों में सोना 11,078 रुपये और चांदी 17,723 रुपये टूटी, नीतीश सेतु का उद्घाटन कर नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण को सराहा
बिहार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील करते हुए कहा कि यदि आवश्यकता न हो तो सोना खरीदने से परहेज करना चाहिए। उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष पहले भी उन्होंने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी, जिसका लोगों ने अनुसरण किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों ने उनकी अपील को स्वीकार करते हुए सोने की खरीदारी कम की। इससे लोगों की बचत हुई। उन्होंने कहा कि कई लोग उनसे मिलकर बताते हैं कि मोदी जी, आपकी बात मानने से हमारे पैसे बच गए। प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने एक समय देशवासियों से एक वक्त का भोजन छोड़ने की अपील की थी और देश ने उनकी बात मानी थी।
### पांच दिनों में सोना 11 हजार और चांदी 17 हजार रुपये से अधिक सस्ती
सोने और चांदी की कीमतों में भी पिछले पांच दिनों के दौरान बड़ी गिरावट देखने को मिली। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 16 नवंबर को सोने का भाव 1,34,971 रुपये था, जो 20 नवंबर तक घटकर 1,23,893 रुपये रह गया। इस तरह पांच दिनों में सोने की कीमत में 11,078 रुपये की कमी आई।
वहीं चांदी का भाव 16 नवंबर को 1,70,251 रुपये था, जो 20 नवंबर को घटकर 1,52,528 रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान चांदी की कीमत में 17,723 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। सोने-चांदी के बाजार में आई इस गिरावट के बीच प्रधानमंत्री की गैर-जरूरी खरीदारी से बचने की अपील भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
### नीतीश कुमार के सम्मान में बना नीतीश सेतु
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गंगा मैया पर बने इस पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है। यह उनके वर्षों के सेवा और समर्पण के सम्मान का प्रतीक है।
करीब 16 मिनट के अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास और राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। जिस बिहार को लंबे समय तक बदहाली का सामना करना पड़ा, उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते हुए कई वर्षों तक बिहार की सेवा की है। अब उनके आशीर्वाद से सम्राट चौधरी की टीम राज्य को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा पर बना यह सेतु उनके सार्वजनिक जीवन में किए गए कार्यों और सेवा भावना के प्रति सम्मान को दर्शाता है।



