खेल महाकुंभ में लालकुआं विधानसभा के खिलाड़ियों का चयन
हल्द्वानी। खेल महाकुंभ (मुख्यमंत्री चैंपियन्स ट्रॉफी)-2026 के तहत सांसद स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए लालकुआं विधानसभा के खिलाड़ियों का चयन रविवार को मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में हुआ। चयन प्रक्रिया में अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर अपना दमखम दिखाया।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से आयोजित ट्रायल में फुटबॉल, बैडमिंटन, रस्सा-कस्सी और गोली-कंचा प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया। फुटबॉल में कोच आनंद, गोपाल और ईशु रावत, बैडमिंटन में धर्म तथा रस्सा-कस्सी में विशाल ने खिलाड़ियों का चयन किया।
चयनित खिलाड़ी अब सांसद स्तरीय प्रतियोगिता में लालकुआं विधानसभा का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं विधानसभा प्रभारी लालकुआं गणेश सिंह पापड़ा, युवा कल्याण विभाग के हरीश सिंह नेगी, खेल प्रशिक्षक हिमांशु गुसाईं, ब्लॉक कमांडर पीआरडी दिवाकर रावत सहित पीआरडी स्वयंसेवक मौजूद रहे।
